पुलिस मुठभेड़ में फायरिंग करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, एक घायल; असलहा व बाइक बरामद

पुलिस मुठभेड़ में फायरिंग करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, एक घायल; असलहा व बाइक बरामद

जौनपुर,21 मार्च। यूपी के जौनपुर में सुजानगंज थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सुजानगंज और महराजगंज थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने शनिवार को मुठभेड़ के दौरान जानलेवा फायरिंग करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हो गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि पलारी गांव निवासी अनुज मिश्रा की तहरीर पर थाना सुजानगंज में मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप था कि प्रतीक दूबे और उसके साथियों ने घर के बाहर तथा चौराहे पर फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी किसी बड़ी घटना की फिराक में हैं और प्रतापगढ़ बॉर्डर की ओर जा रहे हैं। इस पर सुजानगंज व महराजगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने भोगीपुर-कठार के पास चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने के बाद दोनों बदमाश अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। पीछा करने पर एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिससे पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें प्रतीक दूबे उर्फ अनुज (निवासी बिझवट, थाना महराजगंज) के पैर में गोली लग गई। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
वहीं दूसरे आरोपी विनय दूबे (निवासी बिझवट) को पुलिस ने खेत में घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, एक तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस (.32 व .315 बोर) तथा एक टीवीएस अपाची मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अपने साथियों के साथ मिलकर क्षेत्र में दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग करते थे। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *