प्रयागराज-जौनपुर हाईवे पर भीषण हादसा: रोडवेज बस खड़े ट्रक से टकराई, चालक की मौत, 9 यात्री घायल

प्रयागराज-जौनपुर हाईवे पर भीषण हादसा: रोडवेज बस खड़े ट्रक से टकराई, चालक की मौत, 9 यात्री घायल

जौनपुर, 21 मार्च । यूपी के जौनपुर में मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र में प्रयागराज-जौनपुर हाईवे पर शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कोदहूं गांव के पास सिविल लाइन्स डिपो की रोडवेज बस खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोडवेज बस (संख्या UP 70 QT 3038) करीब 35 यात्रियों को लेकर प्रयागराज से टांडा की ओर जा रही थी। सुबह लगभग 5:30 बजे जैसे ही बस कोदहूं गांव के समीप पहुंची, वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही मुंगरा बादशाहपुर थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकलवाया और एंबुलेंस के जरिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुंगरा बादशाहपुर भेजा, जहां उनका उपचार जारी है। एक गंभीर घायल को सीएचसी सतहरिया में भर्ती कराया गया है।
इस दुर्घटना में बस चालक सतीश गुप्ता (45), निवासी ग्राम लवायन भावनपुर, थाना खुटहन, की मौके पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
हादसे में घायल यात्रियों में राकेश कुमार, मयंक सिंह, अनिल पटेल, राजकुमार, रामचंद्र निषाद, सूरज कुमार, राहुल कुमार, प्रमोद कुमार यादव और नीरज बिंद शामिल हैं। सभी का इलाज चल रहा है।
थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बस के अनियंत्रित होने का कारण चालक को झपकी आना या ब्रेक फेल होना माना जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *