रसोई गैस की किल्लत और मूल्य वृद्धि के विरोध में कांग्रेस का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा
जौनपुर, 17 मार्च । यूपी के जौनपुर में रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत और कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष डा. प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने जिलाधिकारी कार्यालय के सामने नारेबाजी करते हुए धरना-प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट सुनील कुमार भारती को सौंपा।
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष डा. प्रमोद कुमार सिंह ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की जनता मोदी सरकार के झूठे वादों और नाकामियों की सजा भुगत रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि रसोई गैस सिलेंडर की भारी किल्लत के कारण गैस एजेंसियों पर लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं, जबकि सरकार दावा कर रही है कि सभी को आसानी से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हकीकत यह है कि गैस एजेंसियों पर भारी भीड़ लगी हुई है और कई घरों में गैस सिलेंडर न मिलने के कारण चूल्हे तक नहीं जल पा रहे हैं। साथ ही आपदा के समय एलपीजी और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कीमतों में बढ़ोतरी कर सरकार ने आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने का काम किया है।
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आरिफ खान ने कहा कि जब से केंद्र में भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार बनी है, तब से देश की जनता को हर सुविधा के लिए लाइनों में खड़ा होना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकार के दावे सही हैं तो गैस एजेंसियों पर इतनी भीड़ और लंबी कतारें क्यों दिखाई दे रही हैं।
इस दौरान प्रदेश सचिव सत्यवीर सिंह, देवराज पांडेय, शेर बहादुर सिंह, राकेश सिंह डब्बू, लाल प्रकाश पाल, विनय तिवारी, सभासद शाहनवाज मंजूर, इरशाद खान राजू और शशांक शेखर तिवारी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

