सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर महिला स्वावलंबन कार्यक्रम, 9 स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आर्थिक सहायता

सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर महिला स्वावलंबन कार्यक्रम, 9 स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आर्थिक सहायता

जौनपुर,21 मार्च ।यूपी के जौनपुर में उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद में महिला स्वावलंबन, सम्मान और सुरक्षा को समर्पित एक विशेष कार्यक्रम शनिवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने ‘वेदिका फूड्स’ के सहयोग से स्वयं सहायता समूहों की नौ महिलाओं को 20-20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़ी महिलाओं द्वारा फीता काटकर किया गया। इसके बाद जिलाधिकारी, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं तथा बीसी सखियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
सम्मानित की गई महिलाओं में सृजन समूह की सुनिधि चौहान, ई-देवी समूह की सुनीता पाल, सत्यजीत समूह की रामरती, तुलसी आजीविका समूह की बल्ली, लक्ष्मी समूह की रंजना पाल, कृष्णा समूह की रीमा सिंह, शीतला समूह की शोभावती, दुर्गा समूह की सीमा तथा गंगा समूह की संगीता शामिल रहीं।
ये महिलाएं ‘वेदिका फूड्स’ के माध्यम से गोबर से निर्मित पर्यावरण अनुकूल उत्पाद जैसे दीये, गमले, हवन सामग्री और कंडे तैयार कर रही हैं। उनके इस कार्य से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल रहा है, बल्कि वे आत्मनिर्भरता की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। नवरात्रि के अवसर पर उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश ने पिछले नौ वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका जिलाधिकारी ने अवलोकन कर महिलाओं के कार्य की प्रशंसा की। ‘वेदिका फूड्स’ द्वारा समूहों को बाजार उपलब्ध कराने की पहल को भी सराहनीय बताया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *