जिला गंगा समिति, जिला पर्यावरण समिति एवं जिला वृक्षारोपण समिति की संयुक्त बैठक सम्पन्न
(राजन तिवारी संवाददाता अयोध्या धाम)
अयोध्या।डीएम निखिल टीकाराम फुंडे के निर्देश पर जिला गंगा समिति, जिला पर्यावरण समिति एवं जिला वृक्षारोपण समिति की संयुक्त बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सीडीओ कृष्ण कुमार सिंह की अध्यक्षता व डीएफओ प्रखर गुप्ता की सह अध्यक्षता में संपन्न हुई।बैठक में गंगा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा वृक्षारोपण कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक मे सीडीओ ने नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत संचालित गतिविधियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि गंगा एवं उसकी सहायक नदियों को स्वच्छ एवं अविरल बनाए रखने हेतु ठोस कार्ययोजना के साथ प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने कहा कि जन सहभागिता के माध्यम से स्वच्छता अभियान को और अधिक सशक्त बनाया जाए। नदियों के किनारे अतिक्रमण होने से रोका जाए। साथ ही नालों की नियमित साफ सफाई का भी ध्यान रखा जाए।जिला पर्यावरण समिति की समीक्षा करते हुए वायु, जल एवं ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन तथा स्वच्छता से जुड़े अभियानों पर विशेष जोर दिया गया।सीडीओ ने निर्देश दिए कि पर्यावरण संरक्षण से संबंधित सभी योजनाओं में आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि गीले और सूखे कूड़े का निस्तारण उचित तरीके से कराया जाए। सीमा राय अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत गोसाईगंज द्वारा समिति को अवगत कराया गया कि निकाय का गीला कूड़ा व सब्जी/फल आदि के छिलके को रोटी बैंक में दिया जाता है, जो गौशालाओ को दिया जाता है। जिस पर सीडीओ ने कहा कि अन्य निकायों को भी इनसे प्रेरणा लेनी चाहिए और इस प्रकार गीले कूड़े को इकट्ठा कर गौशाला में दे जिससे उसका सही उपयोग हो सकें।इसी प्रकार संजय कुमार अधिशासी अधिकारी कुमारगंज ने बताया कि सूखा कूड़ा और गीला कूड़ा डोर टू डोर कलेक्ट किया जाता है और सूखे और गले कूड़े को संचालित एमआरएफ सेंटर में ले जाकर उसका निस्तारण किया जाता है ।जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक में आगामी वृक्षारोपण अभियानों की तैयारी, लक्ष्य निर्धारण एवं पौधों की देखरेख पर चर्चा की गई। सीडीओ ने कहा कि वृक्षारोपण केवल लक्ष्य पूर्ति तक सीमित न रहे, बल्कि पौधों के संरक्षण एवं जीवित रहने की दर बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाए।बैठक में गुरु प्रसाद पाण्डेय सहायक नगर आयुक्त नगर निगम, आर. के. गौतम अधिशासी अभियंता सिंचाई, अश्वनी कुमार ए. ई. जल निगम ग्रामीण, सुषमा देवी मत्स्य अधिकारी, श्वेता साहू जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे व संबंधित विभागों के अधिकारी जिला गंगा समिति सदस्य अशोक कुमार मिश्रा, एस. बी. सिंह सहित अन्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

