जौनपुर को त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन 2026 की नामावली पुनरीक्षण में मिला द्वितीय स्थान
ई-बीएलओ एप पर सर्वाधिक मतदाता एंट्री में जनपद को मिला द्वितीय स्थान
राज्य निर्वाचन आयोग उ0प्र0 के पत्र द्वारा विशेष कार्याधिकारी एवं विभागाध्यक्ष ने अवगत कराया है कि त्रि-स्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2026 हेतु निर्वाचक नामावली का पुनरीक्षण माह जुलाई 2025 से अप्रैल 2026 के मध्य संपन्न कराया जाना है जिसको पूर्णतः स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में जिला स्तरीय कार्यालय (पंचायत एवं नगरीय निकाय) उत्तर प्रदेश के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा अत्यंत लगन परिश्रम एवं निष्ठा से कार्य किया गया।
त्रि-स्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2026 हेतु निर्वाचक नामावली का पुनरीक्षण कार्य को कुशलता पूर्वक संपन्न कराए जाने हेतु आयोग के निर्देशानुसार ई-बीएलओ एप से मतदाता एंट्री का अधिकतम प्रयोग किए जाने वाले सर्वोच्च तीन जनपदों के जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) को सम्मानित किया जाना है जिसमें जनपद जौनपुर के जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र के नेतृत्व में किये गये उत्कृष्ट कार्य के परिणामस्वरूप जनपद को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मा0 राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचन के कार्य में लगाए गए सभी कार्मिकों के अथक परिश्रम से हमारे जनपद को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है। सभी के समन्वय एवं प्रयास का यह सार्थक परिणाम हैं। उन्होंने निर्वाचन के कार्य में लगे सभी अधिकारियों और कार्मिकों का आभार व्यक्त किया।
इससे पूर्व भी जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र द्वारा त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2026 के अंतर्गत पंचायत निर्वाचक नामावली वृहद पुनरीक्षण कार्य में बीएलओ एप पर इंट्री संबंधी उत्कृष्ट कार्य किए जाने पर आठ बीएलओ रविश मौर्या, विजय कुमार, विमलेश कुमार विश्वकर्मा, शैलेन्द्र कुमार भास्कर, रामबहादुर यादव, सत्यव्रत सिंह, गौरव कुमार, रामबचन यादव को प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित भी किया गया है। जिलाधिकारी द्वारा निर्वाचन कार्यों की लगातार समीक्षा और स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्मिकों को प्रोत्साहित तथा उनका उत्साहवर्धन किया जाता रहा है।
————-
जौनपुर 19 मार्च 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या-03
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संचारी रोग नियंत्रण अभियान-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में संचारी रोग नियंत्रण अभियान 01 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक तथा दस्तक अभियान 10 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जाएगा।
बैठक में इस अभियान में नामित सभी विभागों की कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम माननीय मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल है, अतः सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ गंभीरता से कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाएं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि संचारी रोगों की रोकथाम हेतु स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाया जाए तथा नियमित रूप से फॉगिंग एवं एंटी-लार्वा छिड़काव कराया जाए। शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया कि विद्यालयों के माध्यम से बच्चों एवं अभिभावकों को जागरूक किया जाए। जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्राम प्रधानों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, जनसामान्य से साफ-सफाई बनाए रखने एवं जलजनित रोगों से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की गई।
इसके अतिरिक्त उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा गर्भाशय कैंसर की रोकथाम हेतु 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों के लिए एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है। जनपद में यह टीका निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। वर्तमान में यह टीकाकरण जिला महिला चिकित्सालय में प्रारंभ हो चुका है तथा 01 अप्रैल से जनपद के समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी टीका लगाया जाएगा।
जिलाधिकारी ने अभिभावकों एवं किशोरियों से अपील की कि वे अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर इस टीके का लाभ अवश्य लें। उन्होंने बताया कि बाजार में इस टीके की कीमत लगभग ₹4000 है, जबकि सरकार द्वारा इसे निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।
बैठक में डीआईओएस डीएचओ, और सिंचाई विभाग द्वारा अपना प्रतिनिधि भेजने पर जिलाधिकारी द्वारा नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्टीकरण जारी करने और वेतन बाधित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
———–
जिला सूचना कार्यालय, जौनपुर द्वारा जारी

