तजिंदर बग्गा गिरफ्तार: मोहाली में पेशी के लिए जाते समय कुरुक्षेत्र में रोका गया काफिला, दिल्ली पुलिस ने दर्ज किया अपहरण का मामला

तजिंदर बग्गा और उनके पिता प्रीतपाल बग्गा।

भाजपा नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा को नई दिल्ली के जनकपुरी स्थित उनके घर से गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके बाद उन्हें दिल्ली से मोहाली लाया जा रहा है। मोहाली कोर्ट में दोपहर बाद उनकी पेशी की सूचना है। वहीं इससे पहले उनकी गाड़ी को कुरुक्षेत्र में रोक लिया गया है। इसके अलावा दिल्ली भाजपा के नेताओं और बग्गा के परिजनों ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब पुलिस के खिलाफ जनकपुरी थाने के बाहर प्रदर्शन किया। वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कथित धमकी देने के आरोप में पंजाब पुलिस द्वारा भाजपा नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया है।
वहीं उनके पिता प्रीतपाल सिंह बग्गा ने पंजाब पुलिस पर कई आरोप लगाए। प्रीतपाल बग्गा ने कहा कि सुबह 10-15 पुलिसकर्मी हमारे घर आए और तजिंदर को घसीटकर बाहर निकाला। जब मैंने घटना का वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए अपना मोबाइल फोन उठाया, तो पुलिस मुझे दूसरे कमरे में ले गई और मेरे चेहरे पर मुक्का मारा। हमारे घर आए पुलिस कर्मियों ने कहा कि तजिंदर ने अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी दी। दिल्ली पुलिस को घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं थी|

एक मई को दर्ज हुआ था केस

पंजाब पुलिस ने बताया कि एक मई को पीएस पंजाब स्टेट साइबर क्राइम, एसएएस नगर द्वारा तजिंदर बग्गा के खिलाफ हिंसा भड़काने, आपराधिक धमकी देने, सोशल मीडिया पर झूठे और सांप्रदायिक भड़काऊ बयान प्रकाशित करने की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पंजाब पुलिस ने कहा कि उन्हें जांच में शामिल होने और आने के लिए पांच नोटिस दिए गए थे। नोटिस का विधिवत पालन किया गया। इसके बावजूद आरोपी जानबूझकर जांच में शामिल नहीं हुए। आज सुबह कानून की उचित प्रक्रिया के बाद, तजिंदर पाल सिंह बग्गा को दिल्ली में उसके घर से गिरफ्तार किया गया। वहीं दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि दिल्ली पुलिस को बिना किसी पूर्व सूचना दिए पंजाब पुलिस तजिंदर बग्गा को घर से अवैध तरह से गिरफ्तार कर ले गई। पंजाब पुलिस ने उनके पिता के साथ मारपीट की और उनके पिता ने इसके खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। हमारे पास तजिंदर बग्गा की कोई जानकारी नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *