नालासोपारा के तीन तालाबों पर भक्ति संगीत के साथ होगा सूर्य उपासना; अमित दुबे
देश की उपासना,
ब्यूरो चीफ धनंजय विश्वकर्मा।
मुंबई/नालासोपारा:
सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा भारत समेत विदेशों में भी बड़े ही धूमधाम और आस्था के साथ मनाया जाता है। इसी क्रम में महाराष्ट्र के पालघर जिले के नालासोपारा में भी छठ पर्व का उत्साह देखने लायक होता है।
नालासोपारा सेवा समिति द्वारा पिछले कई दशकों से इस महापर्व का भव्य आयोजन किया जा रहा है। समिति के प्रयासों से इस वर्ष भी नालासोपारा क्षेत्र के तीन प्रमुख तालाबों पर छठ पूजा की विशेष तैयारियां पूरी की गई हैं। इन तीनों स्थलों, अचोले तालाब, गालानगर तालाब और मोरेगांव तालाब पर छठ व्रतियों के लिए शानदार व्यवस्था की गई है। यहां विशेष रूप से भक्ति संगीत का आयोजन किया जाएगा, जिसके बीच श्रद्धालु पूरी श्रद्धा से भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना करेंगे।
समाज सेवी और छठ पूजा आयोजक अमित दुबे ने बताया कि छठ पूजा की सभी तैयारियां पूरी तरह से कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी यह पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि महाराष्ट्र के तत्कालीन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्वयं इस आयोजन के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री ने महानगरपालिका, ग्राम पंचायत और शहर के सभी सुरक्षा कर्मियों को छठ पूजा स्थलों की देखरेख और व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी है, ताकि पूजा करने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा या समस्या का सामना न करना पड़े। सुरक्षा व्यवस्था और सुविधा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे छठ व्रती शांतिपूर्ण और धार्मिक माहौल में अपना अनुष्ठान पूरा कर सकें।

