न्याय व्यवस्था पर भरोसा, उमर खालिद व शरजील इमाम को मिलेगा इंसाफ :नदीम जावेद पूर्व विधायक कांग्रेस

न्याय व्यवस्था पर भरोसा, उमर खालिद व शरजील इमाम को मिलेगा इंसाफ :नदीम जावेद पूर्व विधायक कांग्रेस

भाजपा लोगो को बांटो और राज करो की नीति पर काम कर रही है: नदीम जावेद

जौनपुर,06 जनवरी । यूपी के जौनपुर में मंगलवार को कांग्रेस अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं जौनपुर सदर के पूर्व विधायक नदीम जावेद ने दिल्ली दंगों के आरोपी उमर खालिद और शरजील इमाम के मामले पर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि इन दोनों के अलावा जामिया मिलिया इस्लामिया के छात्र आंदोलन से जुड़े कई ऐसे लोग थे, जिन्हें बेवजह परेशान किया गया और लंबे समय तक जेल में रखा गया। कई साथियों को बाद में जमानत भी मिली है।
नदीम जावेद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और वह स्वयं देश की न्याय व्यवस्था पर पूरा विश्वास रखते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में यदि कहीं अन्याय हुआ है तो देश की व्यवस्था और सिस्टम न्याय देने का काम करेगा। उमर खालिद और शरजील इमाम को लेकर उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि भविष्य में दोनों को न्याय जरूर मिलेगा और इस पूरी न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान किया जाना चाहिए।
सुप्रीम कोर्ट को लेकर उठे सवाल पर श्री जावेद ने कहा कि यहां किसी एक अदालत की बात नहीं है, बल्कि न्यायिक प्रक्रिया के कई ऐसे फैसले सामने आ रहे हैं, जिन पर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि केवल राजनीतिक दल ही नहीं, बल्कि देश के कई वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने भी न्यायिक प्रक्रिया पर प्रश्न उठाए हैं। विशेष रूप से वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि समय-समय पर न्याय व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता पर आवाज उठती रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भारत के ज्यूडिशियल सिस्टम में सुधार होगा और व्यवस्था और अधिक मजबूत बनेगी।
जेएनयू में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ नारेबाजी के सवाल पर नदीम जावेद ने कहा कि जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय देश का एक प्रतिष्ठित और प्रीमियम संस्थान है। उन्होंने कहा कि उन्हें भी जेएनयू में समय-समय पर काम करने का अवसर मिला है और वे वहां के छात्रों, छात्राओं और प्रोफेसरों के लगातार संपर्क में रहते हैं। जेएनयू से देश को दिशा देने वाले बुद्धिजीवी, लेखक, नेता और पत्रकार निकले हैं, जो न केवल कांग्रेस बल्कि अन्य दलों में भी देश की सेवा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जेएनयू हमेशा से देश से जुड़े सवालों को उठाता रहा है। मोदी और शाह पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि यदि तानाशाही प्रवृत्ति के खिलाफ आवाज उठाई जाती है तो इसका मतलब यह नहीं कि वह देश के खिलाफ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि “मोदी तेरी कब्र खुदेगी” जैसे नारे भाजपा द्वारा चुनाव के समय फैलाए जाने वाला प्रोपेगेंडा हैं। आज तक यह साबित नहीं हो सका कि यह नारा किसने और कहां लगाया। भाजपा का मूल सिद्धांत जनता का ध्यान मूल मुद्दों से भटकाना है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए नदीम जावेद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की राजनीति झुकने वाली राजनीति है। उन्होंने कहा कि विदेश दौरों पर ऐसा लगता है कि प्रधानमंत्री किसी देश के राष्ट्रपति से गले मिलने के बजाय गले पड़ जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर टैरिफ लगाने की धमकी दी गई, जो देश के हितों के खिलाफ है।
पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी द्वारा एसआईआर को वापस लेने की मांग पर उन्होंने कहा कि जिस तरह से एसआईआर को लागू किया जा रहा है, उससे समाज के कमजोर वर्गों और भाजपा को वोट न देने वालों के मौलिक अधिकारों पर हमला हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोगो को बांटो और राज करो की नीति पर काम कर रही है और समाज को जाति व धर्म के नाम पर बांटने का प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *