पश्चिम बंगाल: अमित शाह के दौरे के बीच भाजपा कार्यकर्ता की हत्या, स्वागत समारोह के सभी कार्यक्रम रद्द

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पश्चिम बंगाल दौरे के बीच कोलकाता में भाजपा कार्यकर्ता का शव मिला है। जानकारी के मुताबिक, फांसी के फंदे से लटका हुआ उसका शव बरामद किया गया है। मृतक की पहचान काशीपुर विधानसभा निवासी अर्जुन चौरसिया के रूप में हुई है। 27 वर्षीय भाजपा कार्यकर्ता की हत्या पर भारतीय जनता पार्टी ने शोक व्यक्त किया है। पार्टी की ओर से बयान जारी कर बताया गया है कि कोलकाता में अमित शाह के स्वागत समारोह के सभी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया है।

दो दिवसीय दौरे पर हैं अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिवसयी बंगाल दौरे पर हैं। वह पश्चिम बंगाल में रैलियां कर रहे हैं और टीएमसी व ममता बनर्जी पर निशाना साध रहे हैं। गुरुवार को सिलिगुड़ी रैली में उन्होंने एक बार फिर से सीएए लागू करने के संकेत दिए। उन्होंने कहा, टीएमसी सीएए के बारे में अफवाहें फैला रही है कि इसे लागू नहीं किया जाएगा, लेकिन मैं कहना चाहूंगा कि जैसे ही कोविड-19 की लहर समाप्त होगी, हम सीएए को जमीनी तौर पर लागू करेंगे। ममता दीदी घुसपैठ कराना चाहती हैं, लेकिन सीएए एक हकीकत था, है और रहेगा।

कठिन समय में बंगाल पहुंचे हैं शाह
शाह राज्य के दौरे पर ऐसे वक्त पर पहुंचे हैं जब 2021 विधानसभा चुनावों में मिली हार के बाद पार्टी को कई बड़े नेताओं के इस्तीफों और गुटबाजी का सामना करना पड़ा और पार्टी राज्य में खुद को फिर से पुनर्गठित करने की कोशिश कर रही है। प्रदेश भाजपा नेता शाह के दौरे को पार्टी कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाने वाला मान रही है।

माना जा रहा है कि शाह पार्टी के आंतरिक अंसतोष को खत्म करने और खोई जमीन को फिर से हासिल करने की रणनीति तैयार करेंगे। विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत हासिल करने वाली तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा के कई सांसदों और विधायकों में अपने पाले में कर लिया है। साथ ही सत्तारूढ़ दल के कार्यकर्ताओं की हिंसा का भी पार्टी कार्यकर्ताओं को सामना करना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *