भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत फील्ड ट्रेनर्स की 3 दिवसीय ट्रेनिंग का दूसरा चरण दिनांक 19 मार्च 2026 को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में जिला जनगणना अधिकारी/अपर जिलाधिकारी(वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा की उपस्थिति में प्रारंभ हुआ।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में दो बैचों में कुल 68 प्रतिभागियों को जनगणना से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी दी जा रही है तथा विशेष रूप से जनगणना ऐप पर कार्य करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा जिससे सर्वेक्षण कार्य को तकनीकी रूप से अधिक सरल और प्रभावी बनाया जा सके। प्रशिक्षण के अंतिम दिवस में सभी फील्ड ट्रेनर्स को फील्ड में जाकर सर्वे कार्य का अभ्यास कराया जाएगा जिससे उन्हें वास्तविक परिस्थितियों में जनगणना प्रक्रिया को समझने का अवसर मिलेगा।
जनगणना कार्य निदेशालय के प्रतिनिधि युवराज गर्ग एवं जौनपुर जिले के तीन मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। जनपद जौनपुर से कुल 146 में से 78 फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण दिनांक 16-18 मार्च 2026 को सफलतापूर्वक पूर्ण कराया जा चुका है।
———–
जौनपुर 20 मार्च, 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या-03
ई-बीएलओ एप से सर्वाधिक मतदाता एंट्री में जनपद को मिला द्वितीय स्थान
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिला अधिकारी को प्रदान की जाएगी रुपए 20,000 की प्रोत्साहन राशि
राज्य निर्वाचन आयोग उ0प्र0 के पत्र द्वारा विशेष कार्याधिकारी एवं विभागाध्यक्ष ने अवगत कराया है कि त्रि-स्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2026 हेतु निर्वाचक नामावली का पुनरीक्षण माह जुलाई 2025 से अप्रैल 2026 के मध्य संपन्न कराया जाना है जिसको पूर्णतः स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में जिला स्तरीय कार्यालय (पंचायत एवं नगरीय निकाय) उत्तर प्रदेश के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा अत्यंत लगन परिश्रम एवं निष्ठा से कार्य किया गया।
त्रि-स्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2026 हेतु निर्वाचक नामावली का पुनरीक्षण कार्य को कुशलता पूर्वक संपन्न कराए जाने हेतु आयोग के निर्देशानुसार ई-बीएलओ एप से मतदाता एंट्री का अधिकतम प्रयोग किए जाने वाले सर्वोच्च तीन जनपदों के जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) को सम्मानित किया जाना है जिसमें जनपद जौनपुर के जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र के नेतृत्व में किये गये उत्कृष्ट कार्य के परिणामस्वरूप जनपद को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है। माननीय आयोग के निर्देशानुसार उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी को 20,000 रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जानी है।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मा0 राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचन के कार्य में लगाए गए सभी कार्मिकों के अथक परिश्रम से हमारे जनपद को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है। सभी के समन्वय एवं प्रयास का यह सार्थक परिणाम हैं। उन्होंने निर्वाचन के कार्य में लगे सभी अधिकारियों और कार्मिकों का आभार व्यक्त किया।
———
जिला सूचना कार्यालय, जौनपुर द्वारा जारी

