बरसात से पहले नालों की सफाई में जुटे दर्जनों सफाईकर्मी
बोर्ड की बैठक में पालिकाध्यक्ष ने नाली और नालों की समुचित सफाई के दिये थे निर्देश
शाहाबाद(हरदोई)।बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर पालिका ने अभी से ही इंतजाम करने शुरू कर दिए है।नगर पालिका के लगभग तीन दर्जन सफाई कर्मचारियों की टीम लगाकर शहर के सभी बड़े नालों व नालियों की साफ सफाई कराई जा रही है।इस समय युद्ध स्तर पर यह कार्य चल रहा है।
बरसात के मौसम में नाले व नालियों की समुचित सफाई न होने के कारण कई स्थानों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती थी।इस समस्या को संज्ञान में लेकर नगरपालिका अध्यक्ष नसरीन बानो ने हाल ही में हुई बोर्ड की बैठक में बरसात से पहले सभी नालों की समुचित सफाई के निर्देश दिए थे और सफाई कार्य में लापरवाही पर कार्रवाई करने के साफ संकेत दिए थे।उनके इस आदेश के बाद पालिका प्रशासन अलर्ट हो गया है और बरसात से पूर्व ही मुख्यालय के सभी नालों व नालियों की ठीक ढंग से साफ सफाई कराई जा रही है। रविवार को भी स्वयं सफाई निरीक्षक दीपक कुमार घंटाघर के पास स्थित मुख्य नाले पर सफाई व्यवस्था के कार्य के लिए मौजूद सफाईकर्मियों को आवश्यक दिशानिर्देश देते दिखे।उन्होंने बताया कि नगर पालिका के तीन दर्जन से अधिक सफाई कर्मचारी इस अभियान में लगाए गए हैं और छोटी जेसीबी,ट्रैक्टर ट्राली,मैजिक आदि इस सफाई कार्य में लगाए गए है।नगर के विभिन्न नालों में सफाई कार्य को करवाया गया है।अभी घंटाघर के पास से बासित नगर चौराहे की ओर जाने वाले नाले पर युद्ध स्तर पर कार्य चल रहा है।बारिश में किसी भी मोहल्ले में जलभराव की स्थिति न पैदा हो इसके लिए पूरे प्रयास किए जा रहे है।

