बी आर सी सिरकोनी पर हमारा आंगन – हमारे बच्चे तथा आंगनबाड़ी ,बाल वाटिका उन्मुखीकरण कार्यक्रम का किया गया आयोजन

बी आर सी सिरकोनी पर हमारा आंगन – हमारे बच्चे तथा आंगनबाड़ी ,बाल वाटिका उन्मुखीकरण कार्यक्रम का किया गया आयोजन
ग्राम प्रधान तथा स्थानीय निकाय के पदाधिकारियों का ब्लाक स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम का किया गया आयोजन
जौनपुर : शासन के निर्देशानुसार बी आर सी सिरकोनी के प्रांगण में बेसिक शिक्षा परिषद के बच्चों तथा आंगनबाड़ी/बाल वाटिका के कार्यकर्तियों तथा बच्चों के उन्मुखीकरण हेतु सिरकोनी ब्लाक के खण्ड शिक्षा अधिकारी श्री अमरेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में दिनांक 24-12-2025 को हमारा आंगन- हमारे बच्चे कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जफराबाद विधानसभा के यशस्वी व लोकप्रिय पूर्व विधायक माननीय डा. हरेन्द्र प्रताप सिंह जी के कर कमलों से मां सरस्वती जी के चित्र पर माल्यार्पण करके और उनके सम्मुख धूप-दीप प्रज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। खण्ड शिक्षा अधिकारी सिरकोनी द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि महोदय सहित बाल विकास परियोजना अधिकारी अंशू त्रिपाठी , ए डी ओ पंचायत रत्नेश कुमार तथा आंगनवाड़ी सुपरवाइजर इन्द्रा पाल जी का माल्यार्पण करके तथा अंगवस्त्रम, डायरी व पेन प्रदान करके स्वागत किया गया। पूर्व माध्यमिक विद्यालय बाकराबाद तथा इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय चकताली की बच्चियों द्वारा सरस्वती वंदना तथा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए माननीय पूर्व विधायक डा.हरेन्द्र प्रताप सिंह जी द्वारा जाति-धर्म की भावना से ऊपर उठकर सन् 2047 तक विकसित उत्तर प्रदेश के साथ साथ विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने हेतु सबका आह्वान किया गया। उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा के अधिकार से न तो कभी किसी को वंचित किया गया था और न ही किया जाना चाहिए। प्राचीन काल से ही भारतीय समाज के सभी वर्गों के बच्चे एक ही गुरुकुल अथवा विद्यालय में पढ़ते चले आ रहे हैं। पढ़ने की इच्छा और जिजीविषा रखने वाले बच्चों के साथ शिक्षकों द्वारा जाति-धर्म के नाम पर कभी भी पक्षपात नहीं किया गया। हमारे पूरे इतिहास में ऐसे अनेक विद्वानों के नाम आते हैं जो समाज के पिछड़े और गरीब वर्ग से सम्बद्ध होते हुए भी उच्च शिक्षा प्राप्त करके अपने माता-पिता, परिवार,समाज और देश का नाम रोशन किये हैं, जिसमें उनके गुरुजन का विशेष योगदान रहा है । वर्तमान राजनीतिक दलों द्वारा वोट की राजनीति करते हुए शिक्षा के आधार पर समाज को जाति-धर्म में बांटना भारत के भविष्य के लिए अच्छा नहीं होगा।
कार्यक्रम में पूर्व माध्यमिक विद्यालय बाकराबाद के वरिष्ठ शिक्षक तथा पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के मांडलिक मंत्री कुंवर यशवंत सिंह द्वारा निपुण भारत एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के परिप्रेक्ष्य में पूर्व प्राथमिक शिक्षा एवं बुनियादी शिक्षा के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला गया। इसी क्रम में पूर्व ए बी आर सी व ए आर पी रुद्रसेन सिंह राना द्वारा प्री प्राइमरी शिक्षा में सत्र 2020-21 से लेकर सत्र 2025-26 तक किये गये उत्तर प्रदेश राज्य के प्रयास पर चर्चा की गई। ए आर पी धर्मेन्द्र कुमार चौबे द्वारा स्कूल रेडीनेस 2025-26 एवं पूर्व प्राथमिक शिक्षा हेतु वर्ष 2025-26 में किये जा रहे कार्यक्रमों की रुपरेखा प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे खण्ड शिक्षा अधिकारी सिरकोनी अमरेश कुमार सिंह द्वारा क्रमशः माता उन्मुखीकरण , वण्डर बाक्स ,आदर्श बाल वाटिका कक्षा-कक्ष, स्टेशनरी एवं चार लर्निंग कार्नर आदि विषयों पर चर्चा करते हुए इसके विकास की दिशा में शासन द्वारा लागू की जा रही नीतियों पर विस्तृत रूप से चर्चा की गई तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों और परिषदीय विद्यालयों में इसके क्रियान्वयन हेतु सभी को प्रेरित किया गया।
इसके बाद लगभग आधे घंटे का सत्रावकाश किया गया। इसके अन्तर्गत प्राथमिक विद्यालय लोहराताला के प्रधानाध्यापक व पूर्व ए बी आर सी श्री नागेन्द्र बहादुर दूबे तथा प्राथमिक विद्यालय खरचलपुर के सहायक अध्यापक प्रवीण कुमार सिंह तथा कम्पोजिट विद्यालय सेहमलपुर के प्रधानाध्यापक रईस खान के नेतृत्व में कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य अतिथियों के साथ- साथ उपस्थित सभी प्रधानाध्यापक, शैक्षणिक स्टाफ, आंगनवाड़ी कार्यकर्तियों, बच्चों तथा अन्य सहयोगी सदस्यों को लंच पैकेट का वितरण करते हुए लंच कराया गया।
लंच के बाद द्वितीय सत्र का शुभारंभ हुआ। जिसमें प्राथमिक विद्यालय राशीपुर , प्राथमिक विद्यालय चकताली तथा प्राथमिक विद्यालय जगदीशपुर के बच्चों तथा बच्चियों द्वारा मंत्रमुग्ध करने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। पूर्व माध्यमिक विद्यालय लाडनपुर के प्रधानाध्यापक श्री ओमप्रकाश जी द्वारा बालकों के साथ- साथ बालिकाओं को भी शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने की बात कहते हुए इस विषय पर एक भावनात्मक व प्रेरक गीत प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में बाल विकास परियोजना अधिकारी अंशू त्रिपाठी जी द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों एवं प्राथमिक विद्यालयों में बुनियादी साक्षरता के अन्तर्गत बच्चों को दी जा रही सुविधाओं पर प्रकाश डाला गया।
ए डी ओ पंचायत श्री रत्नेश कुमार द्वारा समुदाय एवं अभिभावकों की पूर्व प्राथमिक शिक्षा में भूमिका पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के अंत में न्याय पंचायत वार पांच निपुण बच्चों, आज के कार्यक्रम में प्रतिभागिता करने वाले सभी बच्चों -बच्चियों, तथा शासन द्वारा संचालित एस आई आर सहित अन्य महत्वपूर्ण कार्यों में सहयोग करने वाले प्रधानाध्यापक गण, शिक्षक -शिक्षिकाओं, शिक्षामित्र, अनुदेशकों , आंगनवाड़ी कार्यकर्तियों तथा बी एल ओ को कार्यक्रम के अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान करके सम्मानित किया गया। परिषदीय विद्यालयों की बालक्रीड़ा प्रतियोगिता में राज्य स्तरीय बालक्रीड़ा प्रतियोगिता हेतु लम्बी दौड़ हेतु चयनित कम्पोजिट विद्यालय सेहमलपुर की छात्रा अंशिका यादव को माननीय विधायक जी द्वारा सर्टिफिकेट, मेडल और नकद पुरस्कार प्रदान करके सम्मानित करके उसका उत्साहवर्धन किया गया। बच्चों के अंदर खेल भावना जागृत करने और उन्हें गांव के परिषदीय विद्यालयों से आगे बढ़ाते हुए राज्य स्तर तक की बालक्रीड़ा प्रतियोगिताओं में पहुंचाने के अनवरत गुरुतर प्रयास हेतु सिरकोनी ब्लाक के व्यायाम शिक्षक व पूर्व माध्यमिक विद्यालय गोंडा खास के प्रधानाध्यापक संजय कुमार सिंह तथा कम्पोजिट विद्यालय परियावां की शिक्षिका व जिला व्यायाम शिक्षिका प्रियंका सिंह को संयुक्त रूप से सदर तहसील की ट्राफी तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्पूर्ण कार्यक्रम का संचालन प्राथमिक विद्यालय कबूलपुर प्रथम के शिक्षक व न्याय पंचायत नेहरूनगर के नोडल शिक्षक संकुल डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव द्वारा किया गया। राष्ट्रगान तथा अध्यक्ष महोदय की अनुमति से कार्यक्रम का समापन किया गया। इस अवसर पर सिरकोनी ब्लाक के सभी सम्मानित प्रधानाध्यापक गण व आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों सहित लगभग 230 लोग पूरे समय तक उपस्थित रहकर कार्यक्रम संचालन में सहयोग प्रदान किए। कार्यक्रम को सफल बनाने में नोडल शिक्षक संकुल क्रमशः रामकृष्ण विश्वकर्मा, लक्ष्मीशंकर, रामचन्द्र पाल, सूरज कुमार मौर्य, शेखर श्रीवास्तव, गिरजा शंकर यादव, अरविन्द यादव, अविनाश कुमार यादव सहित सभी शिक्षक संकुल सदस्यो का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *