राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर एडीजी सहित अन्य पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने बैठक कर दिए आवश्यक निर्देश
(राजेश श्रीवास्तव ब्यूरो चीफ)
अयोध्या।भारत की राष्ट्रपति के आगमन कार्यक्रम के दृष्टिगत पुलिस लाइन में एक विस्तृत ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई।इस मौके पर प्रवीण कुमार एडीजी सुरक्षा,राजेश कुमार मंडलायुक्त, सोमेन बर्मा डीआईजी, निखिल टीकाराम फुंडे जिलाधिकारी व डॉ गौरव ग्रोवर एसएसपी ने राष्ट्रपति की सुरक्षा में लगे ड्यूटी में तैनात अधिकारियों व कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बैठक के दौरान राष्ट्रपति कार्यक्रम को सफल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु विभिन्न बिंदुओं पर गहन समीक्षा की गई।अधिकारियों द्वारा कार्यक्रम स्थल, आगमन एवं प्रस्थान मार्ग (रूट चार्ट), ड्यूटी प्लान, सुरक्षा प्रबंधन तथा विभिन्न विभागों के समन्वय पर विशेष जोर दिया गया।राष्ट्रपति की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बहु-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, रूट पर यातायात नियंत्रण, बैरिकेडिंग एवं वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया।सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके दायित्वों का स्पष्ट निर्धारण करते हुए ड्यूटी स्थल पर समय से उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। रूट चार्ट का सूक्ष्म परीक्षण कर संभावित बाधाओं को चिन्हित कर उनका निराकरण करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।वही आपात स्थिति से निपटने हेतु पर्याप्त संख्या में चिकित्सा टीमों, एम्बुलेंस एवं आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रमुख स्थानों पर मेडिकल टीमें रखने के लिए कहा गया। वही कार्यक्रम स्थल एवं मार्गों पर पेयजल की समुचित व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा समय-समय पर प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण कर ली जाये।

