लखनऊ में 3000 करोड़ की व्यावसायिक संपत्तियां होंगी सस्ती

एलडीए की 176वीं बोर्ड बैठक बृहस्पतिवार को मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब की अध्यक्षता में हुई, जिसमें 21 में से 20 प्रस्तावों को मंजूरी मिल गई। वहीं पहले से ऊंची इमारतें बनाने के प्रस्ताव पर बोर्ड ने एक समिति के जरिये अध्ययन कराने के निर्देश दिए। यह प्रस्ताव अगली बोर्ड बैठक में पेश होगा। वहीं एलडीए की अनुमानित 3000 करोड़ की आरक्षित 100 व्यावसायिक संपत्तियां सस्ती हाेंगी। बोर्ड बैठक में इस आशय के प्रस्ताव को मंजूरी मिली है।

आशियाना की दुकानों की एक साल तक कीमत नहीं बढ़ेगी। इन दुकानों को पूर्व में तय कीमत में ही बेचा जाएगा। सचिव पवन कुमार गंगवार ने बताया कि एफएआर (फ्लोर एरिया रेशियो) दर निर्धारण की गणना 1.5 गुणांक से होने का प्रावधान है। साल 2011 मेें यह फॉर्मूला 0.8 गुणांक कर दिया था। शासन ने साल 2016 में जो बिल्डिंग बायलॉज जारी किया उसमें यह गुणांक 0.5 कर दिया गया है। इससे आरक्षित व्यावसायिक संपत्ति जो महंगी हो गई थी, उसके सस्ते होने का रास्ता साफ हो गया है। एलडीए ने आशियाना की 262 दुकानों की कीमत एक साल तक न बढ़ाने का प्रस्ताव पेश किया, जो बोर्ड से पास हो गया। बैठक में डीएम सूर्यपाल गंगवार, एलडीए वीसी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, सचिव पवन कुमार गंगवार आदि शामिल हुए।

सीजी सिटी में सबसे महंगी
व्यावसायिक संपत्तियां सबसे अधिक महंगी सीजी सिटी के सीबीडी की हैं। इसी कारण पिछली ऑनलाइन नीलामी में एक भी भूखंड नहीं बिका था। ये संपत्तियां गोमतीनगर, गोमतीनगर विस्तार, जानकीपुरम, जानकीपुरम विस्तार, प्रियदर्शिनी कॉलोनी, बसंतकुंज, शारदानगर, मानसरोवर एवं औद्योगिक क्षेत्र ऐशबाग में हैं।

मेट्रो के निकट इमारतें बनाने पर मांगेंगे आपत्ति
एलडीए ने उप्र ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (टीओडी) नीति-2022 के तहत मेट्रो के दोनों तरफ ऊंची इमारतें बनाने के लिए आपत्ति मांगने का प्रस्ताव पास हुआ है। टीओडी जोन की सीमाओं के वास्तविक/भौतिक परिस्थितियों के अनुरूप परिसीमन/सीमांकन के अनुसार लखनऊ महायोजना-2031 (संशोधित कन्वर्जन प्रारूप) पर जनसामान्य से आपत्तियां मांगी जाएंगी।

कॉल्विन स्कूल की जमीन लेंगे
सचिव पवन कुमार गंगवार ने बताया कि ग्रीन कॉरिडोर की खातिर लागत जुटाने के लिए कॉल्विन तालुकेदार्स स्कूल की नजूल जमीन को एलडीए वापस लेगा। इस जमीन को बेचकर ग्रीन कॉरिडोर बनाएगा। इसका प्रस्ताव पास हो गया, जो शासन को स्वीकृत के लिए भेजा जाएगा। गोमतीनगर विस्तार योजना के तहत गोमती नदी के दायें तटबंध पर अमर शहीद पथ से ग्राम अरदौनामऊ की सरहद तक बंधा निर्माण होगा। साथ ही इकाना स्टेडियम के उत्तरी दिशा में 45 मीटर रोड के निर्माण की योजना के लिए कास्तकारों से आपसी सहमति के आधार पर भूमि क्रय करने का प्रस्ताव मंजूर हुआ। ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के संरक्षण में आने वाली रक्षा विभाग की भूमि लाइसेंस पर लेने का प्रस्ताव स्वीकृत हुआ। वहीं सिंचाई एवं जल संस्थान अनुभाग द्वारा गोमती रिवर फ्रंट चैनलाइजेंशन परियोजना के औद्यानिक विकास एवं अनुरक्षण के लिए उपलब्ध राशि खर्च होने के बाद इसे पीपीपी मोड पर करने के संबंध में परीक्षण प्रस्ताव अनुमोदित हुआ।

इन प्रस्तावों पर भी लगी मुहर
– पीडब्ल्यूडी की टेंडर शर्तें एलडीए में लागू करने का प्रस्ताव।
– पुराना शहर हुसैनाबाद समेकित विकास की परियोजना के तहत म्यूजियम एवं फू डकोर्ट ब्लॉक के निर्माण कार्य में हो रही वृद्धि को समेकित विकास कार्य की परियोजना के अन्य कार्यों में बचत राशि से कराने का प्रस्ताव।
– विद्युत सुरक्षा निदेशालय की एनओसी का प्रस्ताव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *