
वाराणसी के पिंडरा क्षेत्र के बिंदा गांव में जल निगम की ओर से खोदे गए 200 फीट गहरे बोरवेल में गिरने से बुधवार शाम अनिकेत यादव (13) की मौत हो गई। वह अपने दोस्तों के साथ खेलते हुए बोरवेल के पास पहुंचा था। 70 फीट नीचे पानी में अटके अनिकेत को उसके चचेरे भाई धर्मेंद्र ने रस्सी और हुक के सहारे बाहर निकाला।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फूलपुर थाना अंतर्गत बिंदा गांव में हर घर नल योजना के तहत जल निगम की ओर से नलकूप लगाने के लिए बोरिंग की जा रही है। हफ्ते भर पूर्व बोरिंग की गई और पानी न मिलने पर ठेकेदार उसे बिना पाटे चला गया।
जल निगम के ठेकेदार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा
शाम लगभग पांच बजे राधेश्याम का बेटा अनिकेत दोस्तों के साथ बोरवेल के पास पहुंचा और अचानक उसमें गिर गया। दोस्तों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग जुट गए। चचेरे भाई को बचाने के लिए धमेंद्र यादव बोरवेल में लगभग 30 फीट नीचे रस्सी के सहारे उतर गया लेकिन जब उसकी सांस फूलने लगी तो वह फिर बाहर आ गया।

