*12 बीघा ज़मीन के विवाद में हुई रिटायर्ड अमीन की हत्या, 72 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा*
अयोध्या (क्राइम रिपोर्टर) संतोष कुमार। अयोध्या जनपद के थाना तारुन क्षेत्र में हुए रिटायर्ड अमीन कर्मराज यादव की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। ज़मीन के विवाद में की गई इस सनसनीखेज हत्या के मामले में मुख्य अभियुक्ता कृष्णावती और उसके बेटे के दोस्त आलोक तिवारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, कृष्णावती के बेटे अरविंद यादव और उसके एक अन्य दोस्त आदर्श सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि हत्या का कारण 12 बीघा ज़मीन का विवाद था। यह ज़मीन कृष्णावती के ससुर द्वारा कर्मराज यादव के नाम बैनामा कर दी गई थी। इसी ज़मीन में हिस्सा मांग रही कृष्णावती ने अपने बेटे और उसके दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
*घटना का विवरण*
19 मई की रात, कर्मराज यादव अपने ट्यूबवेल पर सो रहे थे। इसी दौरान धारदार हथियार से उनकी नृशंस हत्या कर दी गई। मामले की जांच में जुटी पुलिस ने 72 घंटे के भीतर हत्या का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और हत्या में प्रयुक्त आला-ए-क़त्ल भी बरामद कर लिया है। यह मामला थाना तारुन क्षेत्र के बारा गांव का है, जहां ज़मीन विवाद ने एक बुजुर्ग की जान ले ली।

