जनपद जौनपुर में पीली नदी का होगा जीर्णोद्धार: जिलाधिकारी ने बैठक में दिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश

जनपद जौनपुर में पीली नदी का होगा जीर्णोद्धार: जिलाधिकारी ने बैठक में दिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश

*इस पुनीत कार्य में सभी से सहयोग की अपील- जिलाधिकारी*

जौनपुर 09 जून, 2025 (सू0वि0)- जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में प्रस्तावित पीली नदी की खुदाई कराई जाने के संबंध में बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने एक्सईएन सिंचाई विभाग को निर्देशित किया कि इसके संबंध में एक कार्ययोजना बना ली जाए। राजस्व विभाग को निर्देशित किया कि नाप कराए और वन विभाग को पौधरोपण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जेसीबी, ईंधन सहित अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी में उपस्थित सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि यह कार्य मा. मुख्यमंत्री की प्राथमिकता कार्यों में से एक है, इसमें सभी विभाग समन्वय करते हुए इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए कार्य पूर्ण कराएं। जिलाधिकारी के द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले जेसीबी मालिकों को सम्मानित किया जाएगा।
साथ ही जिलाधिकारी ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी की प्रेरणा, निर्देश तथा मा0 मुख्य सचिव के सतत पर्यवेक्षण में समस्त प्रतिनिधिगणों, अधिकारियों, जेसीबी के मालिकों द्वारा मनोयोग से पीली नदी के जीर्णोद्धार का आज इस बैठक में निर्णय लिया गया है। जिसके तकनीकी सदस्य मुख्यतः सिंचाई विभाग, लघु सिंचाई विभाग पीडब्ल्यूडी होंगे तथा राजस्व विभाग नाप करेगा। उन्होंने अवगत कराया कि जेसीबी के स्वामियों द्वारा स्वेच्छा से 1200 घंटे श्रमदान करने की प्रतिबद्धता जाहिर की गई है। यह पुनीत कार्य है। इसमें उन्होंने पीली नदी के आस पास निवास करने वाले किसान भाइयों से भी अपील किया है कि सभी किसान इस पुनीत कार्य में स्वेच्छा से सहयोग करें। जो लोग भी इस कार्य को करेंगे उनके जलपान की व्यवस्था के लिए खंड विकास अधिकारी और उनकी पूरी टीम रहेगी। इस प्रकार हमें श्रमदान के सहयोग से इस कार्य को आगे बढ़ाना है और किसी से कोई भी नकद धनराशि नहीं ली जानी है। श्रमिकों को पारितोषिक दिया जाएगा। उन्होंने प्रबुद्धजनों, समाजसेवियों के द्वारा जो नदियों को शरीर की धमनी के रूप में देखते हैं, उनको भी अपना सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि हम संकल्प लेते हैं कि 11 जून की बैठक के पश्चात 12 जून से इस कार्यक्रम का शुभारंभ हो जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राम अक्षयवर चौहान, डीसी मनरेगा सुशील त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी बदलापुर योगिता सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *