*कुड़वार रोड पर तेज आवाज़ वाली मॉडीफाइड बाइकों का आतंक, पारा बाजार, वलीपुर व बल्दीराय क्षेत्र में नहीं हो रही कार्रवाई*
. सुलतानपुर : कुड़वार रोड पर तेज आवाज़ के साथ फर्राटा भरती मॉडीफाइड साइलेंसर वाली बाइकों का शोर लोगों के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है। पारा बाजार, वलीपुर सहित बल्दीराय थाने के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में कई बाइक चालक कंपनी के साइलेंसर हटाकर मॉडीफाइड साइलेंसर लगाकर सड़कों पर तेज आवाज़ और धमाकेदार ध्वनि के साथ बाइक दौड़ाते नजर आते हैं।
इन बाइकों की कर्कश आवाज़ से राहगीरों, दुकानदारों और आसपास रहने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में जब ये बाइक तेज रफ्तार के साथ गुजरती हैं, तो माहौल में तेज शोर गूंज उठता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इन इलाकों में इस तरह की बाइकों पर रोक लगाने के लिए अब तक कोई ठोस कार्रवाई देखने को नहीं मिली है। न तो नियमित चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और न ही मॉडीफाइड साइलेंसर लगाने वाले बाइक चालकों के खिलाफ कोई सख्त कदम उठाया जा रहा है परिणामस्वरूप बाइक सवार बिना किसी भय के सड़कों पर तेज रफ्तार और तेज आवाज़ के साथ फर्राटा भरते नजर आते हैं। क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन और यातायात विभाग से मांग की है कि समय-समय पर अभियान चलाकर ऐसे वाहनों की जांच की जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आम लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके।

