गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के विरोध में आप का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन
जौनपुर, 14 मार्च। यूपी के जौनपुर में देश में बढ़ती महंगाई, एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि और गैस की किल्लत के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जौनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। पार्टी के राष्ट्रीय नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आवाह्न पर हुए इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राम रतन विश्वकर्मा ने कहा कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर में 120 रुपये की बढ़ोतरी से गरीब और मध्यम वर्ग पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है। बढ़ती महंगाई से आम जनता की आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है और छोटे व्यापारियों के सामने भी संकट खड़ा हो गया है। गैस की किल्लत से होटल, ढाबा और छोटे खाद्य व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं।
जिला उपाध्यक्ष श्वेता चौधरी ने कहा कि देश में उपयोग होने वाली लगभग 60 प्रतिशत एलपीजी विदेशों से आयात की जाती है और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का असर ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार इस समस्या से निपटने के लिए ठोस रणनीति बनाने में विफल रही है।
महिला प्रकोष्ठ की जिला उपाध्यक्ष वंदना मिश्रा ने कहा कि रसोई गैस की बढ़ती कीमतों का सबसे अधिक असर महिलाओं और गृहिणियों पर पड़ रहा है, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए रसोई चलाना कठिन हो गया है।
आप नेताओं ने ज्ञापन के माध्यम से घरेलू गैस सिलेंडर की बढ़ी कीमतें वापस लेने, गैस पर विशेष सब्सिडी देने और महंगाई पर नियंत्रण के लिए प्रभावी नीति लागू करने की मांग की
।

