ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र स्थित स्पोर्ट्स सिटी में एक सिक्योरिटी गार्ड पर लोहे की सरिया से हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि यह हमला उसी के साथ काम करने वाले एक सहकर्मी ने पुरानी रंजिश के चलते किया।
मूल रूप से मध्य प्रदेश निवासी हुकुम सिंह स्पोर्ट्स सिटी में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत हैं। जानकारी के अनुसार, 15 मार्च की रात वह अपनी ड्यूटी पर तैनात थे, तभी उनके सहकर्मी ने अचानक उन पर सरिया से हमला कर दिया।
इस हमले में हुकुम सिंह के सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पीड़ित के मुताबिक, घटना से कुछ दिन पहले आरोपी के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद से ही दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
मामले में पीड़ित की शिकायत पर दनकौर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

