जमीनी विवाद में युवक की हत्या, लापरवाही पर थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित

जमीनी विवाद में युवक की हत्या, लापरवाही पर थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित

जौनपुर ,17 मार्च । यूपी के जौनपुर में चंदवक थाना क्षेत्र के गोबरा गांव में जमीनी विवाद को लेकर युवक की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की है। ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में चंदवक थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह, हल्का इंचार्ज उपनिरीक्षक सुरेश तिवारी और बीट आरक्षी राजकुमार यादव को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर की गई। एसएसपी ने स्पष्ट कहा है कि कानून-व्यवस्था में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता की सुरक्षा से समझौता करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
घटना 15 मार्च की रात करीब 9 बजे गोबरा गांव निवासी सच्चिदानंद मिश्रा (पुत्र रामचरन मिश्रा) गांव के पास स्थित एक ट्यूबवेल पर मौजूद थे। इसी दौरान कुछ हमलावरों ने उन पर अचानक हमला कर दिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) डोभी ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सच्चिदानंद मिश्रा का अपने पड़ोसी विष्णु मिश्रा (पुत्र संतोष मिश्रा) से जमीन और लेन-देन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिजनों के अनुसार, 12 मार्च को उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई थी, जिसके बावजूद समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
इस घटना को लेकर पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं, जिसके चलते जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर निलंबन की कार्रवाई की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *