डीसीपी ट्रैफिक ने अभिभावकों के वाहनों की पार्किंग के लिए स्थान चिन्हित किये जाने की अपेक्षा की
ब्यूरो चीफ आर एल पांडेय
लखनऊ। पुलिस उपायुक्त, यातायात महोदय की अध्यक्षता में लखनऊ के प्रमुख स्कूलों के प्रबन्धको/प्रधानाध्यापकों/यातायात व्यवस्थापकों के साथ यातायात व्यवस्था एवं विद्यार्थियों की सुरक्षा से सम्बन्धित गोष्ठी का आयोजन पुलिस उपायुक्त, यातायात कार्यालय में किया गया। उक्त गोष्ठी में यातायात निरीक्षक, हज़रतगंज के साथ-साथ जनपद लखनऊ के निम्न विद्यालयों के प्रबन्धक/नोडल अधिकारी उपस्थित रहे:-
1. ला-मार्टिनियर गर्ल्स कालेज, लखनऊ।
2. सिटी मॉण्टेसरी स्कूल, स्टेशन रोड, लखनऊ।
3. सिटी मॉण्टेसरी स्कूल, विशालखण्ड, गोमतीनगर, लखनऊ।
4. सिटी मॉण्टेसरी स्कूल, गोमतीनगर विस्तार, लखनऊ।
5. लोरेटो कान्वेंट इण्टरमीडिएट कालेज, गौतमपल्ली लखनऊ।
6. सेंट एग्निस लॉरेटो डे स्कूल, लखनऊ।
7. सेठ एम0आर0 जयपुरिया स्कूल, गोमतीनगर लखनऊ।
8. क्राइस्ट चर्च कालेज, हजरतगंज लखनऊ।
9. कैथेड्रल सीनियर सेकेण्ड्री स्कूल, हजरतगंज, लखनऊ।
10. सेंट फ्रांसिस कॉलेज, हजरतगंज, लखनऊ।
उक्त गोष्ठी में पुलिस उपायुक्त, यातायात द्वारा निम्न आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गयेः-
1. विद्यालय में सुरक्षा मानकों को पूर्ण कराये जाने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था में सहयोग प्रदान किये जाने, छात्रों के अभिभावकों को लगातार यातायात के नियमों का पालन किये जाने हेतु प्रचार-प्रसार कराये जाने हेतु निर्देशित किया गया।
2. सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित कराये जाने में लगे कर्मियों की संख्या बढ़ाये जाने तथा उन्हे लगातार ब्रीफ किये जाने, अभिभावकों के वाहनों की पार्किंग हेतु निकट का स्थान चिन्हित किये जाने की अपेक्षा की गयी।
3. विद्यालय में विभिन्न पालियों के मध्य का अन्तराल कम से कम 30 मिनट का किये जाने, विद्यालय के मुख्य मार्ग स्थित द्वारों से छात्राओं को आने-जाने से उत्पन्न होनी वाली यातायात सम्बन्धी समस्या का स्थायी समाधान हेतु अन्य द्वारों का प्रयोग किये जाने के निर्देश दिये गये, जिससे मुख्य मार्ग पर यातायात सम्बन्धी किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
4. यातायात सम्बन्धित बिन्दुओं पर सीसीटीवी के माध्यम से वीड़ियों की लगातार मानिटरिंग एवं वीडियों को सुरक्षित रखे जाने के निर्देश दिये गये।
5. अन्य किसी कारणों से यातायात व्यवस्था में प्रतिकूल प्रभाव डालने वाले बिन्दुओं पर यातायात निरीक्षक से समन्वय स्थापित कर उसकी कार्ययोजना तैयार कर सम्बन्धित विभागों से समन्वय स्थापित कर समस्या का समाधान कराये जाने के निर्देश दिये गये है।
बैठक में उपस्थित विद्यालय के सभी प्रतिनिधियों/नोडल अधिकारियों द्वारा स्कूलों के आस-पास यातायात को व्यवस्थित कराये जाने के सम्बन्ध यातायात पुलिस, लखनऊ द्वारा वर्तमान में की जा रही कार्यवाही से यातायात व्यवस्था में काफी सुधार परिलक्षित होना बताया गया है।

