मनरेगा मजदूरी व मानदेय भुगतान को लेकर कांग्रेस का धरना, सरकार पर श्रमिकों की अनदेखी का आरोप

मनरेगा मजदूरी व मानदेय भुगतान को लेकर कांग्रेस का धरना, सरकार पर श्रमिकों की अनदेखी का आरोप

जौनपुर,17 मार्च । यूपी के जौनपुर में केंद्र व यूपी सरकार के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनरेगा मजदूरों की बकाया दिहाड़ी और संविदा कर्मियों के लंबित मानदेय को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। मंगलवार को जिलाध्यक्ष डा. प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विकास भवन में धरना दिया गया और सरकार से तत्काल भुगतान की मांग उठाई गई।
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में पिछले कई महीनों से मनरेगा मजदूरों को उनके श्रम का भुगतान नहीं किया गया है। साथ ही, मनरेगा कार्यों में लगे लगभग 40 हजार रोजगार सेवकों और संविदा कर्मियों को बीते आठ महीनों से मानदेय नहीं मिला है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
जिलाध्यक्ष डा. प्रमोद कुमार सिंह ने सरकार पर मजदूरों का हक मारने का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने में लगी है, जबकि गरीब और मजदूर वर्ग महंगाई की मार झेल रहा है। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आरिफ खान ने भी सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि “डबल इंजन” सरकार मजदूरों के अधिकारों की अनदेखी कर रही है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द भुगतान नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) को सौंपा।
इस मौके पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव सत्यवीर सिंह सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष व संगठन प्रभारी राकेश मिश्रा ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *