
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अफसरों को निर्देश दिया कि समाजविरोधी तत्वों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए पर ध्यान रहे किसी निर्दोष का उत्पीड़न न हो, लेकिन एक भी दोषी न बचे। वह शनिवार को टीम-9 के साथ बैठक कर प्रदेश में कानून व्यवस्था सहित कई मुद्दों पर चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि माहौल बिगाड़ने वाले ऐसे असामाजिक तत्वों का सभ्य समाज में कोई स्थान नहीं है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
प्रदेश में कोविड की स्थति की समीक्षा करते हुए कहा कि विभिन्न राज्यों में कोविड के नए केस में बढ़ोतरी देखी जा रही है। हालांकि उत्तर प्रदेश में पॉजिटिविटी दर न्यूनतम है। वर्तमान में कुल एक्टिव केस की संख्या 1087 है। विगत 24 घंटों में 96 हजार से अधिक टेस्ट किए गए और 236 नए कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई। इसी अवधि में 152 लोग उपचारित होकर कोरोना मुक्त भी हुए। जीनोम सिक्वेंसिंग के हालिया नतीजे बताते हैं कि प्रदेश में ओमिक्रोन वैरिएंट का ही संक्रमण है। यह स्थिति घबराने की नहीं, किंतु सतर्क और सचेत रहने की है।
कोविड टीकाकरण अभियान की प्रगति संतोषप्रद है। 33 करोड़ 21 लाख से अधिक कोविड टीकाकरण के साथ ही 18 वर्ष से अधिक आयु की पूरी आबादी को टीके की कम से कम एक डोज लग चुकी है, जबकि 94 प्रतिशत से अधिक वयस्क लोगों को दोनों खुराक मिल चुकी है। 15-17 आयु वर्ग के 98.50 प्रतिशत किशोरों और 12 से 14 आयु वर्ग के 91.44 प्रतिशत से अधिक बच्चों को टीके की पहली खुराक दी जा चुकी है। पात्र लोगों को टीके की दूसरी खुराक समय से दिया जाए। 18 वर्ष के अधिक की आयु के लोगों को बूस्टर डोज दिए जाने में तेजी की अपेक्षा है। बूस्टर डोज की महत्ता और बूस्टर टीकाकरण केंद्रों के बारे में आमजन को जागरूक किया जाए।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जुलाई माह से प्रदेशव्यापी अभियान शुरू हो रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, फॉगिंग सैनिटाइजेशन के संबंध में जागरूकता बढ़ाये जाने की जरूरत है। अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी जरूरी तैयारियां कर ली जाएं। जगरूकता प्रसार के प्रयासों में जनप्रतिनिधि गण का भी सहयोग लिया जाना चाहिए।

