मुम्बई:काव्य सम्मेलन में गूंज उठी भक्ति की स्वर-लहरियाँ:भव्य काव्य सम्मेलन “काव्य स्पंदन” का आयोजन सम्पन्न

मुम्बई:काव्य सम्मेलन में गूंज उठी भक्ति की स्वर-लहरियाँ:भव्य काव्य सम्मेलन “काव्य स्पंदन” का आयोजन सम्पन्न
महाराष्ट्र ब्यूरो चीफ विपिन गुप्ता
मुम्बई:साहित्यिक और सांस्कृतिक चेतना को समर्पित सृष्टि फाउंडेशन द्वारा पूनम सागर, मीरा रोड स्थित प्रसिद्ध चतुरेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में एक भव्य काव्य सम्मेलन “काव्य स्पंदन” का आयोजन किया गया। इस भावपूर्ण अवसर पर शहर के ख्यातिप्राप्त कवि और कवयित्रियाँ एकत्र हुए और भक्तिरस में डूबी रचनाओं से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीमती शकुंतला गुप्ता द्वारा सरस्वती वंदना और शिव रुद्राष्टकम के दिव्य पाठ से किया गया, जिससे समस्त वातावरण भक्तिमय हो उठा।

इस काव्य महोत्सव में कुसुम तिवारी ‘झल्ली’, नीतू पांडेय ‘क्रांति’, राइया सिन्हा, मृदुल तिवारी ‘महक’, अर्चना वर्मा सिंह, निहारिका मिश्रा, राजेश अल्हड़ असरदार, बाहुबली सिंह, देवेन्द्र पोरवाल, अनुज वर्मा,राजेश त्रिपाठी और विपिन गुप्ता जैसे चर्चित कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रद्धा, प्रेम और आध्यात्म का समागम प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का संचालन कुशलतापूर्वक राजेश अल्हड़ असरदार जी ने किया, जिन्होंने न केवल कवियों को मंच प्रदान किया, बल्कि अपने सहज और रोचक अंदाज से श्रोताओं की तालियाँ भी बटोरीं।

इस अवसर पर प्रज्ञा शर्मा जी का आगमन अति विशेष कारणवश संभव नहीं हो सका, परंतु उनकी शुभकामनाएँ और आत्मिक उपस्थिति आयोजन में स्पष्ट रूप से अनुभूत हुई।

सभी कवियों की रचनाओं में भक्ति, सामाजिक चेतना, और भावनाओं की गहराई ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। अतिथियों का स्वागत सर्वेश्वर महादेव मंदिर के ट्रस्टी अजयसिंह राजपूत ने किया और रमाशंकर पाल और कृष्णकान्त तिवारी जी ने कहा कि सृष्टि फाउंडेशन का यह आयोजन मीरा रोड क्षेत्र में एक यादगार सांस्कृतिक उपलब्धि के रूप में अंकित हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *