वित्तीय समावेशन संतृप्तीकरण अभियान- 2025 के अंतर्गत बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजनकिया गया
जिला संवाददाता डॉ अजय तिवारी
अयोध्या।वित्तीय समावेशन संतृप्तीकरण अभियान- 2025 के अंतर्गत बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के अधीन वित्तीय सेवाएं विभाग (Department of Financial Services – DFS) द्वारा दिनांक 01 जुलाई 2025 से 30 सितम्बर 2025 तक वित्तीय समावेशन संतृप्तीकरण अभियान-2025 का आयोजन पूरे देश में किया जा रहा है*
इस अभियान का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों, विशेषकर वंचित और ग्रामीण समुदायों तक बैंकिंग सुविधाओं की पहुँच सुनिश्चित करना है।
इसी क्रम में बैंक ऑफ बड़ौदा, क्षेत्रीय कार्यालय अयोध्या द्वारा दिनांक 01 जुलाई 2025 को डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या परिसर में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री कृष्ण कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी, अयोध्या रहे, जिन्होंने अपने उद्बोधन में वित्तीय समावेशन की महत्ता को रेखांकित करते हुए इस प्रकार के अभियानों को ग्रामीण एवं पिछड़े क्षेत्रों के आर्थिक विकास हेतु अत्यंत आवश्यक बताया।
यह कार्यक्रम श्री शैलेन्द्र कुमार सिंह, अंचल प्रमुख, बैंक ऑफ बड़ौदा, लखनऊ अंचल के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा वित्तीय समावेशन को एक सामाजिक उत्तरदायित्व के रूप में देखता है और अंतिम छोर तक वित्तीय सेवाएं पहुँचाने हेतु सतत प्रयासरत है।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक (SBI), क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (RRB), एवं यूको बैंक (UCO Bank) के वरिष्ठ अधिकारियों तथा प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया और अपने-अपने संस्थानों की वित्तीय समावेशन हेतु की जा रही पहलों की जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में बैंक ऑफ बड़ौदा अयोध्या क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रमुख श्री शशांक, उप क्षेत्रीय प्रमुख श्री दिलीप चंद्र वर्मा, प्रशासनिक अधिकारीगण, विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, छात्र, बैंक मित्र, स्वयं सहायता समूह के सदस्य, एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
उक्त अवसर पर डिजिटल बैंकिंग, जनधन खाते, आधार सीडिंग, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT), बीमा योजनाएँ (PMJJBY, PMSBY) एवं अटल पेंशन योजना जैसी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई एवं ऑन-द-स्पॉट खाता खोलने एवं बीमा नामांकन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
बैंक ऑफ बड़ौदा तथा सहभागी बैंक इस अभियान के माध्यम से यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका वित्तीय समावेशन” का उद्देश्य पूर्ण रूप से साकार हो सके।

