स्टेट बैंक पेशनर हमारे अभिन्न अंग एवं उनका योगदान अमूल्य–अनिल कुमार, महाप्रबंधक
लखनऊ (आर एल पाण्डेय). ‘’स्टेट बैंक सदैव अपने पेंशनर्स को बाधारहित पेंशन भुगतान के अलावा चिकित्सा एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु निरंतर प्रयासरत रहने के अलावा उनके हितों के प्रति पूर्णत: संवेदनशील व कटिबद्ध हैं क्योंकि वे हमारे अभिन्न अंग हैं और उनका योगदान हमारे लिए अमूल्य है‘’ यह विचार शुक्रवार को भारतीय स्टेट बैंक द्वारा आयोजित स्टेट बैंक पेंशनर्स ऐसोसिएशन की वार्षिक बैठक में बैंक के स्थानीय प्रधान कार्यालय,लखनऊ के महाप्रबंधक अनिल कुमार ने व्यक्त किए।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सभी वरिष्ठ साथियों का सम्मान एवं उन्हें बेहतरीन सुविधाएं देना हमारा परम कर्तव्य भी है। आज के सेवानिवृत्त व्यक्ति बीते कल की अक्षयनिधि है एवं उनके द्वारा किए गए सेवाकालीन कार्य हमारे लिए प्रेरणा स्रोत हैं। इस बैठक का उद्देश्य आपसी मेलजोल के अलावा अपने अधिकारों, सम्मान और सुविधाओं की रक्षा के लिए भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाना है। बैंक ने विगत वर्ष पेंशनभोगियों के लिए कई नई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की है जिनका लाभ सभी पेंशनभोगियों व उनके परिवार को मिलेगा। वर्तमान में लखनऊ मंडल में लगभग 19000 सेवानिवृत्त पेंशनर हैं।
इस कार्यक्रम में प्रशासनिक कार्यालय, लखनऊ (पश्चिम) के उप महाप्रबंधक धीरज कुमार ने कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारी भी हमारे परिवार के सदस्य हैं और बैंक अपने परिवार के सभी सदस्यों का आजीवन अच्छी तरह से ख्याल रखता है। विगत वर्ष हमने अपने सेवानिवृत्त साथियों के लिए 5 स्वास्थ्य शिविर एवं चर्चा कार्यक्रम आयोजित किए जिसमें पेंशनभोगियों की समस्याओं का निराकरण किया गया। आगे भी यह क्रम अनवरत जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि ‘’सेवानिवृत्ति विश्राम नहीं, बल्कि अनुभव से समाज को दिशा देने का अवसर है।”
इस कार्यक्रम में स्थानीय प्रधान कार्यालय के महाप्रबंधक राजीव कुमार, कौशलेन्द्र कुमार, उप महाप्रबंधक एवं सीडीओ धीरेन्द्र महे व बैंक के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा एसबीआई पेंशनर्स एसोसिएशन, लखनऊ मंडल के अध्यक्ष दिनेश चन्द्र, महासचिव अतुल स्वरूप एवं पेंशनर्स फेडरेशन के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम का समन्वयन मुख्य प्रबंधक (मानव संसाधन) आशुतोष शुक्ल ने किया।

