अस्थायी गौशाला में हड्डियां बेचने का आरोप, गौ रक्षकों का प्रदर्शन
जौनपुर, 23 मार्च ।
जौनपुर के पालटेक्निक चौराहे के पास स्थित एक अस्थायी गौशाला में पशुओं की हड्डियां बेचने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। इस मामले को लेकर सोमवार को गौ सेवा संगठन के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन से तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की।
गौ सेवा संगठन के जिलाध्यक्ष पवन पांडेय के नेतृत्व में दर्जनों गौ रक्षक गौशाला परिसर पहुंचे और वहां कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाई। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि गौशाला में मृत पशुओं के अवशेषों का गलत तरीके से निस्तारण किया जा रहा है और उनकी हड्डियां बेचने के लिए इकट्ठा की जा रही हैं।
पवन पांडेय ने बताया कि संगठन के सदस्य नियमित रूप से गौशाला में हरा चारा देने आते हैं। इस दौरान उन्हें कई बार व्यवस्थाओं में खामियां देखने को मिलीं। उन्होंने आरोप लगाया कि गौशाला संचालक पहले भी पशुओं का चारा और चोकर बेचते हुए पकड़े जा चुके हैं, लेकिन उस समय चेतावनी देकर छोड़ दिया गया था।
उन्होंने कहा कि इस बार गौ रक्षकों ने मौके पर बड़ी मात्रा में हड्डियां बरामद की हैं, जिन्हें कथित रूप से बिक्री के लिए रखा गया था। उनका आरोप है कि मृत गौवंश को नियमानुसार दफनाने के बजाय उन्हें खुदवाकर उनकी हड्डियां बेची जा रही हैं, जो गंभीर अनियमितता है।
गौ सेवा संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की जांच की बात कही जा रही है।वही इस मामले में अधिशासी अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि पूरे मामले की छानबीन की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।मौके पर जाकर देखा गया है। हड्डियां कहा से आई कहा जा रही थी पूरी जानकारी किया जा रहा है।

