ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : गाजियाबाद जिले के मोदीनगर क्षेत्र में एलपीजी सिलिंडरों की कालाबाजारी और अनियमितताओं के आरोपों के बीच प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान एक गैस एजेंसी से काफी संख्या में घरेलू सिलिंडर गायब पाए गए, जिसके बाद एजेंसी प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम फफराना निवासी एक उपभोक्ता की शिकायत पर जिला प्रशासन ने संज्ञान लिया। डीएम के निर्देश पर राजस्व विभाग, आपूर्ति विभाग और बीपीसीएल की संयुक्त टीम ने मोदीनगर स्थित गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण किया। जांच में 14.2 किलोग्राम के 99 घरेलू सिलिंडर स्टॉक रजिस्टर से गायब पाए गए, जबकि 19 किलोग्राम के व्यावसायिक सिलिंडरों का रिकॉर्ड भी अपडेट नहीं मिला |
निरीक्षण के दौरान कई उपभोक्ताओं ने भी गंभीर शिकायतें दर्ज कराईं। उनका कहना था कि उन्हें गैस डिलीवरी के मैसेज तो मिले, लेकिन वास्तविक रूप से सिलिंडर की आपूर्ति नहीं हुई। इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने एजेंसी की प्रबंधक और प्रोपराइटर के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मामला दर्ज किया है।
इस घटना के बीच क्षेत्र में एलपीजी की कमी ने आम लोगों और छोटे उद्योगों की परेशानी बढ़ा दी है। स्थानीय उद्योग संगठनों के प्रतिनिधियों का कहना है कि कई छोटे उद्योग पूरी तरह एलपीजी पर निर्भर हैं, और आपूर्ति बाधित होने से उत्पादन प्रभावित हो रहा है। वहीं, बाजार में कालाबाजारी के चलते सिलिंडरों की कीमतें भी काफी बढ़ गई हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एलपीजी वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता या कालाबाजारी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने निगरानी और सख्ती बढ़ाने की बात कही है, ताकि उपभोक्ताओं को समय पर और उचित दर पर गैस उपलब्ध कराई जा सके|

