चैत्र नवरात्र का चौथा दिन: मां कूष्मांडा स्वरूप की भक्ति में डूबे श्रद्धालु

चैत्र नवरात्र का चौथा दिन: मां कूष्मांडा स्वरूप की भक्ति में डूबे श्रद्धालु

जौनपुर, 22 मार्च।। यूपी के जौनपुर में चैत्र नवरात्र के चौथे दिन मां दुर्गा के कूष्मांडा स्वरूप की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। भक्तों ने मां के दर्शन कर फल, मेवा और बरफी का भोग अर्पित किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
रविवार को पूर्वांचल में आस्था का केंद्र
चौकियां धाम स्थित मां शीतला मंदिर में विशेष आयोजन किया गया, जहां मां का आकर्षक श्रृंगार गेंदा, अढ़वल (गुड़हल) और सफेद गुलाब की मालाओं से किया गया। मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजन और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए, जिससे वातावरण भक्तिमय बना रहा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने पुत्री की सलामती और परिवार के कल्याण के लिए तालाब में स्नान कर पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया और पूरे दिन दर्शन-पूजन का क्रम चलता रहा।
मंदिर के महंत विवेकानंद पंडा ने बताया कि इस वर्ष नवरात्र के चौथे दिन स्वाति नक्षत्र, वैधृति योग और रवियोग का शुभ संयोग बन रहा है, जिसे अत्यंत फलदायी माना जाता है। उन्होंने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मां कूष्मांडा सृष्टि की आदिशक्ति हैं, जिन्होंने अपने मंद हास्य से ब्रह्मांड की रचना की थी।
पौराणिक मान्यता के अनुसार देवी कूष्मांडा की आठ भुजाएं होती हैं, जिनमें विभिन्न अस्त्र-शस्त्र और सिद्धियों के प्रतीक वस्तुएं होती हैं। उनका वाहन सिंह है, जो शक्ति और साहस का प्रतीक है।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल पूरे समय तैनात रहा, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *