ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी करने वाला शातिर पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार*

ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी करने वाला शातिर पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार*

*रिपोर्ट-जनार्दन श्रीवास्तव*

*हरदोई* जनपद में लगातार हो रही ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक शातिर अभियुक्त को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से नगदी, अवैध असलहा, कार, मोबाइल व ट्रांसफार्मर से चोरी किया गया तेल बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, थाना पाली, पचदेवरा व बिलग्राम क्षेत्रों में बीते दिनों कई निजी नलकूपों के विद्युत ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। इन मामलों में संबंधित अवर अभियंताओं की तहरीर पर अलग-अलग मुकदमें पंजीकृत किए गए थे। घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक शाहाबाद के नेतृत्व में टीमों का गठन किया गया।
रविवार को थाना पाली व पचदेवरा की संयुक्त पुलिस टीम मुड़रामऊ भरखनी क्षेत्र के गैहाई चौराहे के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक द्वारा भागने का प्रयास किया गया। पुलिस द्वारा पीछा करने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया।
घायल अभियुक्त की पहचान कुलदीप उर्फ गब्बर पुत्र श्रवण सिंह निवासी ग्राम बासमई थाना नवाबगंज जनपद फर्रुखाबाद के रूप में हुई है, जिसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से कुछ रूपये, एक अवैध तमंचा व जिंदा कारतूसव एक खोखा, एक चार पहिया वाहन, मोबाइल फोन, ट्रांसफार्मर से चोरी किया गया तेल, ट्रांसफार्मर खोलने वाले उपकरण आदि बरामद किए गये हैं।
घायल अभियुक्त को उपचार हेतु अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस अन्य संभावित साथियों की तलाश में जुटी है तथा अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक शाहाबाद आलोक राज नारायण ने बताया कि यह एक बड़ी सफलता है। ट्रांसफार्मर से तेल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है, जल्द ही अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *