‘नवनिर्माण के 9 वर्ष’ बुकलेट का किया गया वितरण, अंचल और कीर्ति का हुआ अन्नप्राशन संस्कार
बाल विकास विषय पर आधारित कार्यक्रम में जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों के उत्कृष्ट कार्यों की जिलाधिकारी ने की सराहना और किया सम्मानित
शासन के निर्देशानुसार उत्तर प्रदेश में अभूतपूर्व विकास एवं सतत संवृद्धि के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद जौनपुर के कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
आज का कार्यक्रम बाल विकास एवं पुष्टाहार विषय पर आधारित रहा। जिसके क्रम में आईसीडीएस विभाग अंतर्गत जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र द्वारा दो बच्चों अंचल व कीर्ति का अन्नप्राशन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
इसके पश्चात जिलाधिकारी द्वारा दीप प्रज्वलन किया गया तथा मिशन कर्मयोगी पोर्टल/एफआरएस के माध्यम से पुष्टाहार वितरण एवं विभागीय योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार में उत्कृष्ट योगदान हेतु मुख्य सेविका बक्सा निधि, जौनपुर नगर की अनीता यादव, खुटहन की दीपिका शुक्ला तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियो प्रतिभा सिंह, सरिता यादव, विद्यावती देवी, वंदना एवं संजू यादव सहित अन्य को प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्रम प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस दौरान जिलाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में शासन की नौ वर्ष की उपलब्धियों पर आधारित तथा मा0 मुख्यमंत्रीजी द्वारा विमोचन की गई पुस्तक ‘नवनिर्माण के 9 वर्ष’ बुकलेट एवं फोल्डर को सभी के समक्ष प्रदर्शित किया गया तथा वितरण कराया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉ० दिनेश चंद्र ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि कम उम्र के बच्चों की देखभाल, पोषण एवं टीकाकरण जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन ये कार्यकर्त्रियां पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ करती हैं। साथ ही अन्य दायित्वों में भी उनकी सक्रिय सहभागिता सराहनीय है। जिलाधिकारी ने उनके उत्कृष्ट कार्यों की प्रशंसा करते हुए उपस्थित जनसमूह से तालियां बजवाकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन के कार्यों को भी हमारी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने पूरे मनोभाव से किया जिसके परिणाम स्वरूप निर्वाचन का कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण हो रहा है।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। विगत नौ वर्षों में आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है, जिससे आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आया है।
कार्यक्रम में जनपद के स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी तथा विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाए गए, जिसकी जिलाधिकारी ने सराहना की।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी नरेन्द्र सिंह, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी दिव्या शुक्ला, सीडीपीओ शाहगंज राजेश यादव, खुटहन सुरेश कुमार यादव, रामपुर राकेश चन्द्र मौर्य, नगर अभिषेक कुमार, आंगनवाड़ी सुपरवाइजर एवं कार्यकत्रियों सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
————-

