ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा : नोएडा में एक बार फिर स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सेक्टर-62 स्थित फादर एंजल स्कूल समेत आधा दर्जन से अधिक निजी स्कूलों को ईमेल के जरिए धमकी भेजी गई है जिसमें स्कूल परिसरों में बम लगाए जाने की बात कही गई थी।
धमकी मिलते ही स्कूल प्रशासन ने तुरंत एहतियातन सभी छात्रों की छुट्टी कर दी। सूचना मिलते ही अभिभावक घबराहट में बच्चों को लेने स्कूल पहुंच गए, जिससे स्कूलों के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंचे। सभी संबंधित स्कूलों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन अब तक किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। पुलिस ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है और साइबर टीम भी जांच कर रही है।
यह मामला सेक्टर-58 थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। गौरतलब है कि इससे पहले भी नोएडा, गुरुग्राम और दिल्ली के कई स्कूलों को इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं। हालांकि हर बार जांच में कोई ठोस खतरा सामने नहीं आया, लेकिन ऐसी घटनाएं लगातार सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती बनी हुई हैं।

