मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक में अनुपस्थित पांच अफसरों पर कार्रवाई:कमिश्नर ने एक दिन का वेतन रोका, विभागीय कार्रवाई की सिफारिश
ब्यूरो चीफ आशुतोष कुमार
गोरखपुर, 24 अगस्त 2025। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में रविवार को एनेक्सी भवन सभागार में हुई विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में गैरहाजिर रहने वाले पांच अफसरों पर मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने सख्त रुख अपनाया है।
कमिश्नर ने अनुपस्थित अधिकारियों का एक दिन का वेतन रोकने का आदेश जारी किया है। इसके साथ ही इनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए शासन को भी पत्र भेजा गया है।
जिन अधिकारियों पर यह कार्रवाई हुई है, उनमें सीएंडडीएस यूनिट 14, 19 और 42 के परियोजना प्रबंधक, उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ (यूपीआरएनएसएस)-प्रथम के अधिशासी अभियंता और बीआरडी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य शामिल हैं।
सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक के बाद मंडलायुक्त ने तुरंत आदेश जारी कर शासन को रिपोर्ट भेज दी।

