लखनऊ के उत्तरी हिस्से का विकास मॉडल बनेगा नैमिष नगर
– सीतापुर रोड पर 1084 हेक्टेयर क्षेत्रफल में प्रस्तावित नैमिष नगर योजना को लेकर एलडीए ने शुरू किया काम
– बी0के0टी0 तहसील के पुरवा गांव मेें बनना शुरू हुआ योजना का पहला साइट ऑफिस, एस0ओ0पी0 के आधार पर जुटायी जाएगी जमीन
सिटी रिपोर्टर प्रत्यूष पाण्डेय
लखनऊ। सीतापुर रोड पर प्रस्तावित एलडीए की नैमिष नगर योजना लखनऊ के उत्तरी हिस्से को नयी पहचान देने वाला विकास मॉडल बनेगी। एलडीए ने योजना को धरातल पर उतारने का काम शुरू कर दिया है। बी0के0टी0 तहसील के पुरवा गांव में योजना का पहला साइट ऑफिस मंगलवार से बनना शुरू हो गया। एलडीए अब एस0ओ0पी0 के तहत योजना के लिए जमीन जुटाने का काम भी जल्द शुरू करेगा, जिसके लिए किसानों से संपर्क स्थापित किया जा रहा है।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि नैमिष नगर योजना के लिए बी0के0टी0 तहसील के 18 गांवों की लगभग 1084 हेक्टेयर भूमि चिन्हित की गयी है। इसमें ग्राम-भौली, लक्ष्मीपुर, पूरब गांव, पुरवा, सैरपुर, फरूखाबाद, कोड़री भौली, कमलाबाद, कमलापुर, पलहरी, गोपरामऊ, बारूमऊ, धतिंगरा, सैदापुर, पश्चिम गांव, धोबैला, उमरभारी व दुग्गौर शामिल हैं। योजना के लिए जमीन जुटाने में लगभग 4,785 करोड़ रूपये का व्यय अनुमानित है, जिसके लिए प्राधिकरण बोर्ड द्वारा स्वीकृति प्रदान कर दी गयी है।
उपाध्यक्ष ने बताया कि नैमिष नगर योजना में लगभग 03 लाख लोगों को आवासीय सुविधा मिलेगी। यह योजना न सिर्फ आवासीय जरूरतों को पूरा करेगी, बल्कि एक पूर्ण विकसित उपनगर के रूप में सामने आएगी। इसमें चौड़ी सड़कें, ग्रीन बेल्ट, पार्क, स्कूल, अस्पताल, कम्यूनिटी सेंटर, सॉलिड वेस्ट मैनेजमंेट, व्यावसायिक केन्द्र जैसी तमाम सुविधाएं होंगी। जोकि, लखनऊ के उत्तरी हिस्से को नयी पहचान देने वाले विकास का मॉडल बनेंगी। योजना विकसित होने से शहर के उद्योग, स्वास्थ्य, शिक्षा व लॉजिस्टिक आदि क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास होगा। इससे राजधानी में काफी निवेश आएगा और बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
पुरवा गांव में बनेगा पहला साइट ऑफिस
संयुक्त सचिव सुशील प्रताप सिंह ने बताया कि बी0के0टी0 तहसील के पुरवा गांव में योजना का पहला साइट ऑफिस बनाया जा रहा है। जोनल अधिकारी संगीता राघव के नेतृत्व में मंगलवार को पुरवा गांव पहुंची अधिशासी अभियंता अशोक कुमार, तहसीलदार-अर्जन हेमचंद्र तिवारी व सहायक अभियंता गौरव सिंह की टीम ने साइट ऑफिस के निर्माण का काम शुरू करा दिया।
सहमति के आधार पर ली जाएगी जमीन
नैमिष नगर योजना के लिए किसानों से सहमति के आधार पर जमीन खरीदी जाएगी। जिसके लिए प्राधिकरण बोर्ड द्वारा मानक संचालन प्रक्रिया (एस0ओ0पी0) का निर्धारण कर दिया गया है। इसके आधार पर राजस्व विभाग के सहयोग से किसानों से लगातार संवाद स्थापित किया जा रहा है। जल्द ही जमीनों के बैनामे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। संयुक्त सचिव ने बताया कि एलडीए योजना के साथ उसमें आ रहे गांवों में भी विकास कार्य कराएगा। जिसमें गांव के संपर्क मार्ग, जल निकासी, खेल मैदान, बारात घर, स्वास्थ्य केन्द्र, तालाब, कब्रिस्तान, स्कूल, पार्क व श्मशान आदि को सुदृढ़ किया जाएगा।

