होली मिलन समारोह में गूंजे फाग गीत, बृजभूषण शरण सिंह ने किया शुभारंभ
बृजभूषण शरण सिंह ने गाया फाग गीत लोगो को किया मंत्रमुग्ध
जौनपुर,उत्तर प्रदेश के जौनपुर में तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज के सभागार में क्षत्रिय वैश्य समाज द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में रविवार को गोंडा के पूर्व विधायक बृजभूषण शरण सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में उनके आगमन पर समाज के लोगों ने जोरदार स्वागत किया।
पूर्व विधायक का काफिला पुलिस लाइन से टीडी कॉलेज तक घोड़े और बैंड-बाजों के साथ पहुंचा, जिसने पूरे माहौल को उत्सवी बना दिया। कार्यक्रम स्थल पर पूर्व सांसद धनंजय सिंह, एमएलसी बृजेश सिंह सहित कई गणमान्य लोगों ने माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया।
होली मिलन समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि बृजभूषण शरण सिंह ने ठाकुर वंश के पूर्वज राजा शालीवाहन के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर किया। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी मनमोहक प्रस्तुति दी गई। कॉलेज के बच्चों ने स्वागत गीत और रंगारंग प्रस्तुतियों से माहौल को जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान बृजभूषण शरण सिंह ने स्वयं भी पारंपरिक फागुन गीत गाकर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके गीतों ने होली की पारंपरिक छटा को जीवंत कर दिया, जिसे लोगों ने खूब सराहा।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि यह होली मिलन समारोह पिछले आठ वर्षों से लगातार आयोजित हो रहा है, जिसमें सर्वसमाज की भागीदारी रहती है। उन्होंने इसे सामाजिक समरसता और पारंपरिक संस्कृति को जीवित रखने का प्रयास बताया।
ईरान से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि देश में शांति और सुरक्षा बनी हुई है, जिससे लोग चैन की नींद सो रहे हैं। आगामी चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य राष्ट्र को जागरूक करना है और इसी दिशा में कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे और होली के रंग में सराबोर होकर एक-दूसरे को बधाई दी।

