ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के 28 मार्च को प्रस्तावित उद्घाटन से पहले प्रशासन और भाजपा संगठन पूरी तरह सक्रिय हो गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को देखते हुए नोएडा और यमुना क्षेत्र में व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वीवीआईपी, वीआईपी और सुरक्षा एजेंसियों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए शहर के प्रमुख होटलों में कमरे बुक किए जा रहे हैं।
रैली और उद्घाटन समारोह को भव्य बनाने के लिए करीब 2 लाख लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए मेरठ से आगरा तक संगठन स्तर पर जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
सुरक्षा, ट्रैफिक, पार्किंग, सीसीटीवी निगरानी, शटल बस सेवा और मेडिकल सुविधाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। कार्यक्रम स्थल पर पंडाल, एलईडी स्क्रीन और बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
प्रशासन का फोकस है कि उद्घाटन समारोह सुचारु, सुरक्षित और भव्य तरीके से संपन्न हो।

