मोटे अनाज ग्लूटेन-फ्री होने के कारण स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी होते हैं:जिलाधिकारी

मोटे अनाज ग्लूटेन-फ्री होने के कारण स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी होते हैं:जिलाधिकारी

जौनपुर में ‘मिलेट्स रोड शो’ का आयोजन, मोटे अनाजों को मुख्यधारा में लाने की पहल

जौनपुर,25 मार्च। यूपी के जौनपुर में मोटे अनाजों (मिलेट्स) की खेती और उनके उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को जनपद में एक भव्य ‘मिलेट्स रोड शो’ का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर इस जागरूकता रैली को रवाना किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों की थाली से दूर हो चुके मोटे अनाजों को पुनः दैनिक आहार में शामिल करने के लिए प्रेरित करना रहा।
यह जन-जागरूकता मार्च कलेक्ट्रेट परिसर से प्रारंभ होकर लाइन बाजार और वाजिदपुर होते हुए कृषि भवन परिसर तक पहुंचा। रैली के दौरान डीजे, प्रचार वाहनों और नारों के माध्यम से आमजन को मोटे अनाजों के पोषण संबंधी लाभों और उनकी उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बताया कि मोटे अनाज ग्लूटेन-फ्री होने के कारण स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी होते हैं। उन्होंने कहा कि इनकी खेती में कम पानी, कम उर्वरक और कम समय की आवश्यकता होती है, जिससे किसान कम लागत में बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं। सरकार ने इनकी महत्ता को देखते हुए इन्हें ‘श्री अन्न’ योजना के अंतर्गत प्रोत्साहित किया है।
उन्होंने आगे कहा कि जो अनाज कभी गरीबों का भोजन माने जाते थे, आज वही अपने पोषक तत्वों के कारण आहार विशेषज्ञों और चिकित्सकों द्वारा ‘सुपर फूड्स’ के रूप में स्वीकार किए जा रहे हैं। सरकार किसानों को मोटे अनाजों के बीज निःशुल्क उपलब्ध करा रही है, जिससे उनकी खेती को बढ़ावा मिल सके।
कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक डॉ. वीबी द्विवेदी, जिला कृषि अधिकारी विनय सिंह, उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी डॉ. स्वाति पाहुजा, उप परियोजना निदेशक आत्मा डॉ. रमेश चंद्र यादव, टीडी पीजी कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. रमेश सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *