विश्व क्षय दिवस पर 104 टीबी मरीजों को पोषाहार वितरण, जागरूकता संगोष्ठी आयोजित

विश्व क्षय दिवस पर 104 टीबी मरीजों को पोषाहार वितरण, जागरूकता संगोष्ठी आयोजित

जौनपुर। विश्व क्षय दिवस के अवसर पर ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति ने मंगलवार को सिंगरामऊ स्थित गौरीशंकर मंदिर परिसर में एक व्यापक कार्यक्रम का आयोजन कर स्वास्थ्य और सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस दौरान 104 टीबी मरीजों को पोषाहार वितरित किया गया तथा ‘हां, हम टीबी को समाप्त कर सकते हैं’ थीम पर संगोष्ठी आयोजित हुई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामानंद कटियार ने कहा कि देश की सच्ची उन्नति तभी संभव है, जब समाज की समस्त व्यवस्थाएं सुदृढ़ हों। “भारत माता की जय तभी होगी, जब सम्पूर्ण व्यवस्थाओं की जय होगी,” उन्होंने कहा। उन्होंने पर्यावरणीय असंतुलन, प्रदूषण और अस्वस्थ जीवनशैली को टीबी जैसी बीमारियों के बढ़ने का कारण बताते हुए पौष्टिक आहार और स्वच्छता पर जोर दिया। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर खांसने-छींकने के दौरान सावधानी बरतने की अपील की।
विशिष्ट अतिथि कर्नल पुष्पेंद्र सिंह कीर्तिचक्र ने अनुशासन और जागरूकता को टीबी के खिलाफ लड़ाई का अहम हथियार बताया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार एक सैनिक देश की रक्षा करता है, उसी तरह समाज को भी इस बीमारी से लड़ने के लिए सजग रहना होगा।
संस्था प्रमुख डॉ. अंजू सिंह ने बताया कि 2001 में स्थापित संस्था पिछले 25 वर्षों से शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वावलंबन के क्षेत्र में कार्यरत है। संस्था अब तक 6,000 से अधिक मरीजों को टीबी से मुक्त कराने में सहयोग कर चुकी है तथा 20,000 से अधिक मरीजों को पोषाहार वितरित कर चुकी है। साथ ही महिलाओं और किशोरियों को प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों द्वारा टीबी के लक्षण, जांच और उपचार पर विस्तृत जानकारी दी गई। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और जागरूकता गीतों के माध्यम से लोगों को टीबी के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया। बड़ी संख्या में चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *