गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी में 60 से ज्यादा गलियों का होगा कायाकल्प, सीसी रोड और आरसीसी नालियों का निर्माण जल्द होगा शुरू

ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी नगर पालिका क्षेत्र में लंबे समय से जर्जर सड़कों और ओवरफ्लो होती नालियों से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद है। नगर पालिका प्रशासन ने 34 वार्डों की कुल 68 गलियों में सीसी रोड और आरसीसी नालियों के निर्माण की योजना तैयार की है।
इस योजना के तहत प्रत्येक वार्ड की दो गलियों का चयन कर वहां निर्माण कार्य कराया जाएगा। बुधवार से नगर पालिका की टीम ने इसके लिए सर्वे शुरू कर दिया है, जिसे अगले 10 से 12 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
सर्वे रिपोर्ट के आधार पर प्रस्ताव तैयार कर बोर्ड बैठक में प्रस्तुत किया जाएगा। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
गौरतलब है कि खोड़ा क्षेत्र में करीब सात साल पहले गलियों की सड़कों और नालियों का निर्माण हुआ था। वर्तमान में अधिकांश सड़कें खराब हो चुकी हैं और कई जगह नालियां क्षतिग्रस्त होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बहता रहता है। इससे स्थानीय निवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर पालिका के जेई अनुज गोयल के अनुसार, सर्वे प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और जल्द ही प्रस्ताव को अंतिम रूप देकर निर्माण कार्य की दिशा में आगे बढ़ा जाएगा। इस परियोजना के पूरा होने के बाद क्षेत्र में स्वच्छता और आवागमन की स्थिति में सुधार होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *