जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग बन्धु बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन् हुई।
बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न औद्योगिक एवं स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान एवं मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष में निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति की जानकारी दी गई। साथ ही लाभार्थियों को ऋण वितरण एवं स्वीकृति की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी के द्वारा निर्देश दिया गया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के तहत अधिक से अधिक ऋण वितरित किया जाए ताकि अधिक से अधिक युवाओं को स्वरोजगार से आच्छादित किए जा सके।
बैठक में ‘निवेश मित्र पोर्टल’ के माध्यम से उद्यमियों को प्रदान की जा रही सेवाओं की समीक्षा की गई। अवगत कराया गया कि जनपद के उद्यमियों द्वारा ऑनलाइन आवेदन किए गए हैं, जिनमें से अधिकांश का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि शेष लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।
उद्योग क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं जैसे विद्युत आपूर्ति, सड़क निर्माण, जल निकासी, हाईमास्ट लाइट, रेन वाटर हार्वेस्टिंग आदि मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। संबंधित विभागों द्वारा अवगत कराया गया कि अधिकांश कार्य प्रगति पर हैं तथा शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराया जाएगा।
साथ ही औद्योगिक क्षेत्रों में साफ-सफाई, कूड़ेदान की व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट एवं आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा जनपद में उद्योगों के विकास हेतु सकारात्मक वातावरण बनाए रखा जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, संबंधित विभागों के अधिकारीगण एवं औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग़, सहायक आयुक्त उद्योग जय प्रकाश सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
——————
जौनपुर 28 मार्च, 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या-05
जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि सभी संबंधित विभाग सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराएं। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों पर बनाए गए अवैध कट को तत्काल बंद कराने के निर्देश दिए तथा इसकी प्रगति की समीक्षा भी की।
इसके साथ ही उन्होंने यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने, ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर आवश्यक सुधार कार्य कराने, सड़क संकेतक एवं चेतावनी बोर्डों को सुदृढ़ करने तथा ओवरलोडिंग एवं तेज गति पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु समन्वित प्रयास किए जाएं और सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें, जिससे जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, सहित सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

