डीजल व पेट्रोल की समस्या को देखते हुए डीएम ने अधिकारियों व पेट्रोल पंप के मालिकों संग बैठक कर दिये आवश्यक निर्देश
(डॉ अजय तिवारी जिला संवाददाता)
अयोध्या। पेट्रोल व डीजल की समस्या को लेकर जिला अधिकारी निखिल टीकाराम फंडे ने इस संबंध में गुरुवार को अपने कैंप कार्यालय में जनपद में डीजल एवं पेट्रोल आपूर्ति के संबंध में अपर जिला अधिकारी (नगर) योगानंद पांडे, एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी,सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी व जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश कुमार मिश्रा के साथ साथ तेल कंपनी के अधिकारियों के साथ बैठक किया।बैठक मे उन्होंने कहा कि जनपद में कार्यरत पेट्रोल पम्पों के संचालन का समय प्रातः 06:00 बजे से रात्रि 12:00 बजे तक किया जायेगा, जो पेट्रोल पम्प पूर्व से 24 घण्टे संचालित हैं वह यथावत् पूर्व की भाँति संचालित समयानुसार रहेंगें।पेट्रोल पम्पों के प्रभावी संचालन हेतु पेट्रोल पम्प पर कार्यरत कर्मचारी का यह दायित्व होगा कि पेट्रोल/डीजल के निर्गमन के समय उपभोक्ताओं की लाइन लगवाकर उपरोक्त पेट्रोलियम पदार्थों का वितरण करेंगें।पेट्रोल पम्पों पर जनता को जागरुक करने हेतु पब्लिक एड्रेस सिस्टम का उपयोग किया जायेगा।जिससे जनता को पम्प पर उपलब्ध स्टाक की स्थिति तथा आने वाले ऑयल टैंकरों के सम्बन्ध में जानकारी दी जायेगी, जिससे जनता को जागरुक किया जा सके।पेट्रोल पम्प पर कार्यरत कर्मचारियों को ये निर्देश दिये जाये कि तेल की कमी के सम्बन्ध में कोई गलत अफवाह जनता में प्रचार-प्रसार न हो सके।यदि उपरोक्त कोई कर्मचारी गलत अफवाह फैलाने का दोषी पाया जाता है तो सम्बन्धित के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जायेगी।कहा कि पेट्रोल पम्पों पर बैनर / सूचना पट्ट लगाया जायेगा जिसपर आने वाले तेल टैंकरों की स्थिति प्रदर्शित की जायेगी तथा उपलब्ध स्टाक का स्पष्ट प्रर्दशन किया जायेगा।साथ ही साथ पेट्रोल पम्पों पर टैंकर की अनलोडिंग के समय अनलोडिंग हो रहे डीजल / पेट्रोल का बोर्ड लगाकर ही अनलोड किया जाय।जनपद के समस्त पेट्रोल पम्प समय से अग्रिम धनराशि का भुगतान ऑयल डिपो पर करेंगें, जिससे उनको ऑयल डिपो से मिलने वाले आगामी ऑयल टैंकरों में कोई व्यवधान उत्पन्न न हो।जनपद के कोई भी पेट्रोल पम्प डिब्बों व ड्रमों में पेट्रोलियम पदार्थों का निर्गमन नहीं करेंगें।जनपद के प्रत्येक पेट्रोल पम्पों पर पुलिस बल की व्यवस्था की जायेगी, जिसका समय-समय पर निरीक्षण सम्बन्धित क्षेत्र के चौकी/थाना प्रभारी द्वारा किया जायेगा, जिससे शान्ति व्यवस्था पम्पों पर बनी रहे। कहा कि इस संबंध में सख्त शीर्षक कड़ाई से अनुपालन किया जाए अगर इस कारण पालन जो भी नहीं करते हुए पाया गया तो उसके विरुद्ध कठोर से कठोर कार्यवाही की जाएगी।

