थ्रेसर की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत

थ्रेसर की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत

जौनपुर बरसठी थाना क्षेत्र के भदराव गांव निवासी की गुरुवार को थ्रेसर की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भदराव गांव निवासी मुलायम बनवासी (35) अपने ससुराल में रहकर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। इन दिनों गेहूं कटाई के बाद मड़ाई का कार्य चल रहा है। बताया जाता है कि वह गांव निवासी उपेंद्र सरोज के ट्रैक्टर पर रहकर मड़ाई का काम कर रहा था। गुरुवार को दोपहर लगभग 12:30 बजे वह पड़ोसी गांव चक मलाई में राकेश गौतम के खेत में गेहूं की मड़ाई कर रहा था। इसी दौरान वह गेहूं का बोझ खोलकर थ्रेसर में डाल रहा था, तभी अचानक वह मशीन की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। शव को देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी पूजा गर्भवती बताई जा रही है और उसके पास दो साल का एक पुत्र भी है।
सूचना पर थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि मृतक मूल रूप से बनकट (मोढ़) का निवासी था और विवाह के बाद से ही अपनी पत्नी के साथ ससुराल में रह रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *