पेट्रोल-डीजल संकट गहराया, आमजन और किसान बेहाल,अधिकारी ने कहा स्थित नियंत्रण में
जौनपुर,26 मार्च यूपी के जौनपुर जिले में पेट्रोल और डीजल की भारी किल्लत ने आम लोगों से लेकर किसानों तक की परेशानियां बढ़ा दी हैं। कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन का स्टॉक खत्म होने की कगार पर है, जबकि जहां पेट्रोल-डीजल उपलब्ध है, वहां गुरुवार सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं।
स्थिति यह है कि दोपहिया, चारपहिया और मालवाहक वाहन चालकों को घंटों इंतजार के बावजूद कई बार बिना ईंधन के लौटना पड़ रहा है। कई पंपों पर सीमित मात्रा में ही ईंधन दिया जा रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। पंप संचालकों और कर्मचारियों को भीड़ संभालने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस संकट का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ा है। रबी फसल की कटाई और सिंचाई के इस महत्वपूर्ण समय में डीजल की कमी से कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। किसान अपने ट्रैक्टर और पंपसेट चलाने के लिए डीजल की तलाश में एक पंप से दूसरे पंप भटक रहे हैं।
वहीं, आपात स्थिति में भी लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। गंभीर रूप से बीमार और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल तक पहुंचने में भी दिक्कतें सामने आ रही हैं।
पंप संचालकों के अनुसार, आपूर्ति बाधित होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। डिपो पर टैंकर खड़े हैं, लेकिन उन्हें समय पर ईंधन नहीं मिल पा रहा है। जैसे ही कोई टैंकर पंप पर पहुंचता है, कुछ ही घंटों में स्टॉक खत्म हो जाता है।
प्रशासन ने स्थिति पर नजर रखने की बात कही है, लेकिन फिलहाल आमजन को राहत मिलती नहीं दिख रही है। यदि जल्द आपूर्ति बहाल नहीं हुई, तो संकट और गहरा सकता है।वही इस मामले में जिला पूर्ति अधिकारी संतोष विक्रम शाही ने बताया कि जनपद न गैस और पेट्रोल की कीमतों में कोई वृद्धि नहीं सभी दैनिक उपयोग की वस्तुएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।सिर्फ उसको एक लिमिट में दिया जा रहा है।कही कोई संकट नहीं है घरेलू गैस सिलेंडर 21 दिनों बाद बुकिंग दिया रहा है जो पहले से लागू है।कमर्शियल सिलेंडर पर थोड़ा शिकंजा कसा गया है।जैसे कमर्शियल सिलेंडर को एक एक दिया जा रहा है।

