बाइडन प्रशासन ने सीनेट से की भारत में राजदूत के नाम की पुष्टि करने की मांग, एक साल से लंबित है नियुक्ति

भारत में अमेरिका के राजदूत के रूप में लॉस एंजेलिस के मेयर एरिक गार्सेटी की नियुक्ति का मामला अब तक अटका पड़ा है। इस बीच व्हाइट हाउस की ओर से अमेरिकी संसद से गार्सेटी के नाम पर जल्द मुहर लगाने की मांग की गई है।

बता दें, बाइडन प्रशासन ने जुलाई, 2021 में भारत के अगले राजदूत के रूप में गार्सेटी के नामांकन की घोषणा की थी। हालांकि, अमेरिकी संसद की ओर से अभी तक उनके नाम की पुष्टि होना बाकी है। व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव कैरीन जीन-पियरे ने इस मुद्दे पर पत्रकारों को  बताया, हम गार्सेटी के नाम पर मुहर लगाए जाने की मांग जारी रखेंगे। उन्होंने कहा, भारत के राजदूत के रूप में गार्सेटी की नियुक्ति बाइडन प्रशासन की प्राथमिकता है।

एक साल से लंबित है पुष्टि
बता दें, गार्सेटी की सीनेट से पुष्टि होना बीते एक साल से लंबित है। उन पर एक वरिष्ठ कर्मचारी द्वारा अनुचित व्यवहार का आरोप लगा है। यही कारण है कि रिपब्लिकन सीनेटर चक ग्रासली ने उनके नामांकन का शुरु में विरोध किया था। हालांकि, बाद में गार्सेटी के नामांकन पर से रोक हटा ली गई थी। राष्ट्रपति जो बाइडन ने पिछले साल जुलाई में गार्सेटी को नामांकित किया था। यदि सीनेट (उच्च सदन) में उनके नाम पर मुहर लग जाती है तो 50 वर्षीय गार्सेटी पूर्ववर्ती ट्रंप प्रशासन के दौरान भारत में अमेरिकी राजदूत रहे केनेथ जस्टर की जगह लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *