युवक की चाकू घोंपकर हत्या, वारदात का वीडियो आया सामने

युवक की चाकू घोंपकर हत्या, वारदात का वीडियो आया सामने

जौनपुर,26 मार्च। यूपी के जौनपुर स्थित जलालपुर थाना क्षेत्र के सिरकोनी गांव में बुधवार को एक सनसनीखेज वारदात में युवक की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। इस हत्याकांड का एक वीडियो गुरुवार को सामने आया है, जिसमें हमलावर वारदात के बाद युवक को घसीटते हुए ले जाते दिखाई दे रहे हैं।
संघईपुर गांव निवासी आशीष चौहान पुत्र अरविंद चौहान बंदीपुर स्थित शराब ठेके के पास मौजूद था। इसी दौरान करीब एक दर्जन युवक वहां पहुंचे और उसे दौड़ा लिया। जान बचाने के लिए आशीष सिरकोनी गांव की ओर भागा और कई घरों में छिपने का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों के डर से कोई उसे शरण नहीं दे सका।
आखिरकार हमलावरों ने उसे गुल्लू मौर्य के घर के पीछे बने मड़हे में घेर लिया और उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद हमलावर शव को लगभग एक किलोमीटर दूर बंदीपुर गांव के पास फेंककर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान एक युवक ने खुद को “बाबूराम वकील का लड़का” बताते हुए धमकी भरे लहजे में बातचीत भी की, जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष गजानंद चौबे व उपनिरीक्षक सुजीत ओझा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक पहले भी हत्या के एक मामले में आरोपी रहा है और फिलहाल जमानत पर बाहर था। वह इन दिनों अपने ननिहाल मड़ियाहूं में रह रहा था। आशंका जताई जा रही है कि पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।
फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *