
ब्यूरो चीफ
आर एल पाण्डेय
लखनऊ. राजधानी के चारबाग रेलवे स्टेशन पर स्थित आरएम एस ओ मंडल कार्यालय में डाक विभाग की नयी सेवा मैगजीन पोस्ट का रेल डाक सेवा के प्रवर अधीक्षक आलोक ओझा ने डाक व रेल विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की मौजूदगी में उदघाटन किया. मैगजीन पोस्ट सेवा के शुभारम्भ में लाल फीता काटा गया तथा दीप प्रज्ज्वलित कर नारियल फोडा कर प्रसाद वितरित किया गया.प्रवर अधीक्षक श्री ओझा ने बताया कि इस सेवा के तहत आरएनआई पंजीकृत ग्राहक ही अपनी पत्रिका को उत्तर प्रदेश में आठ रुपये तथा देशभर में सिर्फ 12 रुपये में बुक करा कर भेज सकेंगे. उन्होंने बताया कि इस सेवा के तहत पत्रिकाओं की सहज बुकिंग, ट्रैक और ट्रेस सुविधा, सुरक्षित एवं त्वरित वितरण किया जाएगा. मैगजीन पोस्ट सेवा का श्रीआरम्भ आध्यात्मिक मासिक पत्रिका ‘ हनुमत् कृपा ‘ की प्रतियां बुक करके किया गया. हनुमत् कृपा के संपादक नरेश दीक्षित को मैगजीन सेवा के प्रथम लाभार्थी होने का सौभाग्य मिला. संपादक श्री दीक्षित ने इस सेवा के लिए डाक विभाग के अधिकारियों को धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि पत्रिका के पाठक अब आसानी से ट्रैक और ट्रेस कर सकेंगे. इससे त्वरित वितरण प्रतिशत भी अच्छा होगा और पाठक भी संतुष्ट रहेंगे.उदघाटन मौके पर प्रवर डाक अधीक्षक सुशील तिवारी, सहायक निदेशक ए. पी अस्थाना, एनएसएच प्रबंधक हरी शंकर लाल,परिमण्डलीय कार्यालय के सहायक निदेशक सुनील सक्सेना, आरएमएस के सहायक अधीक्षक बी. पी. सिंह, एस. के अवस्थी, श्रीमती रतना वर्मा, श्रीमती कोमल दयाल, राजीव मिश्र, दिनेश दीक्षित समेत अन्य सहयोगी कर्मचारीगण मौजूद रहे.

