स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ, बीएसए ने घर-घर जाकर कराया नामांकन

स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ, बीएसए ने घर-घर जाकर कराया नामांकन

जौनपुर ,01अप्रैल। यूपी के जौनपुर में “स्कूल चलो अभियान” के तहत विकासखंड बक्सा के प्राथमिक विद्यालय सदरूद्दीनपुर में नामांकन अभियान उत्साह और जनभागीदारी के साथ बुधवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने किया, जिन्होंने स्वयं गांव पहुंचकर घर-घर जाकर बच्चों का नामांकन कराया और अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान कुल 25 बच्चों का नामांकन किया गया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और विद्यालय के अध्यापकों ने नव नामांकित बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया। साथ ही बच्चों को किताबें, कॉपियां और पेंसिल वितरित कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी, ग्राम प्रधान विंध्यवासिनी उपाध्याय, विद्यालय के समस्त शिक्षक, गांव के सम्मानित नागरिक और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर अभियान को सफल बनाने में सहयोग किया और अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ने का संकल्प लिया।
अधिकारियों ने कहा कि “स्कूल चलो अभियान” का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना है, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। अभियान के माध्यम से जन-जन तक शिक्षा के महत्व को पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *