अन्नपूर्णा भवन निर्माण के दौरान ग्राम प्रधान पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर

अन्नपूर्णा भवन निर्माण के दौरान ग्राम प्रधान पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर

जौनपुर। मछलीशहर थाना क्षेत्र के खरियामऊ गांव में मंगलवार शाम सरकारी अन्नपूर्णा भवन के निर्माण कार्य के दौरान ग्राम प्रधान पर दबंगों ने जानलेवा हमला कर दिया। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम प्रधान रमेश कनोजिया (40), पुत्र मुन्नू राम कनोजिया, अपने पंचायत में अन्नपूर्णा भवन के निर्माण कार्य की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान करीब शाम 5 बजे गांव के लगभग दर्जनभर दबंग मौके पर पहुंच गए और प्रधान के साथ गाली-गलौज करने लगे। जब प्रधान ने इसका विरोध किया तो हमलावरों ने लाठी, डंडा और ईंट से उन पर हमला कर दिया।
हमले में प्रधान गंभीर रूप से घायल हो गए और लहूलुहान होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद एक युवक ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। भीड़ जुटती देख हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल प्रधान को तत्काल मछलीशहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वर्तमान में उनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी मछलीशहर प्रतिमा वर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में है। तहरीर प्राप्त हो चुकी है और जांच-पड़ताल कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *